Home मुख्य हल्की बारिश ने ही खोल दी नगर निगम के तैयारियों की पोल। Voice of Darbhanga
मुख्य - May 27, 2017

हल्की बारिश ने ही खोल दी नगर निगम के तैयारियों की पोल। Voice of Darbhanga

FB_IMG_1495856128449

दरभंगा : भीषण गरमी के बाद शुक्रवार की अहले सुबह मुख्यालय समेत जिला भर में आंधी-तूफान के साथ खुब बारिश हुई. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली. उधर नगर में दर्जनों मुहल्ले जलजमाव से प्रभावित हो गये. जलनिकासी की समस्या कें कारण दिनभर सड़कों पर पानी जमा रहा. नाका एक के सामने के पेड़ पर बज्रपात हो गया.

इससे पेड़ में आग लग गयी. लोगों ने दमकल कर्मी को इसकी सूचना दी. दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाया गया. इसे देखने के लिए सैंकड़ों लोग सुबह में वहां उमड़ आये. बारिश के कारण फैजुल्लाह खां, कृष्णापुरी, पुरानी मुंसिफी, लक्ष्मीसागर, गांधीनगर कटरहिया, सुंदरपुर, बेला, बलभद्रपुर, बंगाली टोला आदि में सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया. नाला जाम रहने के कारण पानी की निकासी की गति काफी धीमी रही. ऊपर से शुक्रवार की देर रात दुबारा बारिश हो जाने के कारण स्थिति और नारकीय हो गयी।

इस कारण सड़कों पर शाम तक जलजमाव का नजारा रहा. विशेषकर लक्ष्मीसागर तथा फैजुल्लाह खां मोहल्ला के कई भागों में लोगों को जलजमाव से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. इनके अलावा सुंदरपुर, दरभंगा गुदरी व लहेरियासराय गुदरी आदि जगहों पर दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुस गया. बता दें कि सड़कों के लगातार ऊंचीकरण के कारण अगल-बलग के घर का स्तर नीचे होता जा रहा है. हल्की बारिश के बाद भी पानी घर में प्रवेश कर जाता है.

हर साल नगर निगम द्वारा तैयारियों का दावा किया जाता है और इसबार भी किया गया। पर एक हल्की बारिश ने ही नगर निगम के सारे दावों की पोल खोल कर रख दी। फिलहाल पूरा मानसून अभी बाँकी है और जब हल्की बारिश में ये हाल है तो मानसून आने पर क्या स्थिति होगी, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

Share

Leave a Reply