
धमकी मिलने के बाद जाले के बीडीओ ने लगाई जान-माल के सुरक्षा की गुहार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: पुरे प्रखंड के जनता की जिम्मेवारी और और सभी विभागों के प्रमुख प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को ही जहाँ खुद सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ती हो, वहाँ आमजन केलिए माहौल कितना खुशनुमा होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। ताजा घटनाक्रम में जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार के बाद अंजाम बुरा होने की धमकी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की शाम करीब दो दर्जन से अधिक युवकों ने कार्यालय तथा आवास में घुसकर एक साल पहले हुए मनरेगा की योजना की तत्काल जाँच करने का दबाब जाले की बीडीओ रागिनी साहू पर बनाने लगे। इस श्रीमती साहू ने आवेदन लेकर एक सप्ताह के अंदर जाँच की बात कही। परंतु जाँच की मांग करने पहुंचे युवक ने अपना आपा खोते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ दुव्यहार करने लगे और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए अंजाम बुरा होने की धमकी दे डाली। बात इतनी पर ही नही रुकी जब बीडीओ साहिबा अपने आवास पर गई तो उनके आवास पर भी युवक घमके और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगे। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी रागनी साहू ने इसकी सुचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक सभी युवक फरार हो गए। जिसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी रागनी साहू ने इसकी लिखित शिकायत थाने में देते हुए अपनी जान – माल की रक्षा के लिए दरभंगा के जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। घटना के बाद प्रखण्ड मुख्यालय के अन्य कर्मियों बीच में भय का माहौल व्याप्त है।

