
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए जुलाई में चलाया जाएगा विशेष अभियान। Voice of Darbhanga
दरभंगा : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली निर्देशानुसार 1 जुलाई 2017 से 31 जुलाई 2017 तक ‘मतदाता सूची से किसी भी मतदाता का नाम नहीं छूटे’ अभियान के तहत कार्य योजना बनाई गयी है. जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इस आशय की जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान में भारत के नागरिक जिनका 1-1-2017 को 18 वर्ष पूरा हो गया है और मतदाता सूची में नाम नहीं है. उनपर विशेष ध्यान देते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवश्यक कारवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि 8 जुलाई 2017 और 22 जुलाई 2017 को सभी मतदान केन्द्रों पर विभिन्न प्रकार के प्रपत्र प्राप्त करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. संवाददाता सम्मेलन में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार मिश्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार उपस्थित थे.

