
बैंक कर्मियों की मनमानी एवं प्रशासन की लापरवाही के कारण भटक रहे वृद्धा पेंशन योजना के लाभुक। Voice of Darbhanga

घनश्यामपुर से फखरे आलम की विशेष रिपोर्ट।
दरभंगा : विगत एक वर्ष से सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान नहीं किये जाने से घनश्यामपुर के लाभुकों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण लोगों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महीनों से वृद्ध विधवा विकलांग प्रखंड कार्यालय व बैंक का चक्कर लगाकर थक चुके हैं। इस संबंध में घनश्यामपुर प्रखंड उप-प्रमुख नसर नवाब ने बताया कि बैंक कर्मियों की मनमानी से लाभभोगी को लाभ नहीं मिल रहा है। प्रशासनिक स्तर से लेकर सरकारी स्तर तक हर कदम जनता को कठिनाइया झेलनी पड़ रही है। 70-80 साल के वृद्ध लोगों को कभी प्रखंड तो कभी बैंकों में दौड़ाया जा रहा है। यदि इस सप्ताह तक लाभार्थियों को लाभ नहीं मिला तो प्रखंड के सभी लाभार्थियों के साथ अनशन करेंगे। जुलेखा खातून, दिलनाज़ खातून, श्याम देवी, सरयू सदा, रंजनी शाह, लीला देवी, बहरी देवी आदि सभी का कहना है कि हम एक महीने से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं।लेकिन पैसा नहीं दिया जा रहा है।बैंक कर्मियों द्वारा तरह तरह की बहानेबाजी मारी जा रही है।
घनश्यामपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली से जब इस संबंध में वार्ता की गई तो कहा गया कि वृद्धा पेंशन योजना का पैसा लाभुकों के खाते में जाना है।अप्रैल के बाद से विभाग ने पैसा नहीं दिया है। उनके ओर से ये अनुरोध है कि अभी लाभुक अपने खाते को आधार नंबर से बैंक जा कर जुड़वा ले और खाते पर लेनदेन करते रहे। पैसा अब खाते पर मिलेगा। पाली पंचायत के कुछ लोगों के खाते पर पैसा भेजा भी जा चुका है।

