
वैजंती खेड़िया मेयर एवं बॉबी खां डिप्टी मेयर निर्वाचित। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बैजयंती देवी खेड़िया दरभंगा नगर निगम की मेयर और बदरूज्जमा खां डिप्टी मेयर निर्वाचित किए गए हैं। शुक्रवार को अम्बेदकर सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न समारोह में इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके पूर्व निर्धारित समय पर सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण कराया गया। मेयर के चुनाव के लिए दो नामांकन बैजयंती देवी खेड़िया तथा पूजा मंडल द्वारा दाखिल किया गया। गुप्त मतदान से हुए इस चुनाव में बैजयंती देवी खेड़िया को तीस तथा पूजा मंडल को अठारह मत प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 12 मतों से जीत कर श्रीमती खेड़िया मेयर पद पर विराजमान हो गईं। डिप्टी मेयर पद के चुनाव के लिए दो नामांकन बदरूज्जमा खां तथा मधुबाला सिन्हा द्वारा दाखिल किए गए। गुप्त मतदान पद्धति से कराए गए चुनाव में बदरूज्जमा खां को 28 तथा मधुबाला सिन्हा को 20 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 08 मतों से जीत कर बदरूज्जमा खां डिप्टी मेयर बने।
इस चुनाव के पूर्व सभी वार्ड पार्षदों को जिलाधिकारी ने शपथ दिलायी। अंत में मेयर के रूप में निर्वाचित बैजयंती खेड़िया तथा डिप्टी मेयर बदरूज्जमा खां को प्रमाण-पत्र देकर शपथ दिलाया गया।
इस समारोह में प्रेक्षक के रूप में विशेष सचिव साँवर भारती के अतिरिक्त उप विकास आयुक्त विवेकानन्द झा, निदेशक डीआरडीए नरेश झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी शत्रुधन कामती, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय मिश्रा, विशेष कार्य पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार दिवाकर, वरीय उप समाहर्ता रमेश चन्द्र चौधरी आदि उपस्थित थे।।

