
अपहृत नाबालिग लड़की के बेतरतीब सवालों के सामने निरुत्तर हो गयी पुलिस! Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय थाना के बेंता ओपी क्षेत्र से अपहृत नाबालिग बच्ची को पुलिस ने मंगलवार को बरामद कर अपहरणकर्ता तीन बच्चें के पिता को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि शेर मोहम्मद भिगो मोहल्ला निवासी आरोपित मो. जावेद एक नाबालिग को बहला फुसला कर ले भागा था। अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति से आरोपित को खोज निकाला। अल्लपट्टी स्थित एक होटल में छापेमारी कर अपहरणकर्ता व अपहृता को बरामद कर लिया। पूछताछ में जावेद ने बताया कि दरभंगा से भागने के बाद वह मुंबई चला गया। इसके बाद दिल्ली पहुंचा। लेकिन, पुलिस केस होने के डर से अगले ही दिन दरभंगा वाली ट्रेन से दरभंगा पहुंच गए। सुबह होने पर पुलिस के समक्ष हाजिर होने का प्लान बनाया था । लेकिन, रात्रि में ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। इधर, नाबालिग अपहृता ने पुलिस को बताया कि वह जावेद से प्यार करती है। उसके साथ रहना चाहती है। जब, उससे यह कहा गया कि जावेद तीन बच्चे का पिता है और उसकी पत्नी भी है तो तुम इसके चक्कर में क्यों पड़ना चाहती हो तो उसका जवाब था कि वह उससे बेपनाह मुहब्बत करती है। उसके बिना एक पल भी नहीं रह सकते हैं। पुलिस वालों ने काफी समझाने की कोशिश की । कहा कि तुम अभी नाबालिग हो, समझने की कोशिश करो। लेकिन पुलिस को उसने अपने बेतरतीब सवालों से निरुत्तर कर दिया। इसके बाद पुलिस वाले भी खामोश हो गए। प्रभारी थानाध्यक्ष महादेव कामत ने बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं अपहृता का बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में प्रस्तुत कराने की बात कही।

