
किसानों के कर्ज माफी को लेकर किसान सभा का प्रदर्शन। Voice of Darbhanga
दरभंगा: विधायक अजीत सरकार के पुण्यतिथि के अवसर पर दरभंगा जिला किसान सभा के किसान-मजदूरों ने समाहरणालय पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के पश्चात किसान सभा के राज्याध्यक्ष ललन चौधरी ने कहा कि किसानों के कर्ज माफ नहीं किए जा रहे हैं और उन्हें लाभकारी मूल्य नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश पर अमल नहीं हो रहा है. किसान आत्म-हत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं. किसानों को लागत से कम से कम ढ़ेढ गुणा मूल्य देने का वादा केन्द्र की मोदी सरकार ने पूरा नहीं किया और इन मुद्दों को लेकर पूरे देश में किसान आंदोलन हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि अभी केन्द्र सरकार ने पशुओं के खरीद विक्री पर रोक लगाने संबंधी कानून बनाया है. जो किसानों के साथ अन्याय है. श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में काम नहीं कर रही है. सरकारी बोरिंग बंद है. जल प्रबंधन की समस्या पर अमल नहीं हो रहा है. कल-कारखाने बंद पड़े हैं. किसान नेता मंटू ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार जमीन की समस्या को हल नहीं कर सकी है. हजारों पर्चाधारी जमीन से बेदखल हैं. किसान सभा के जिला सचिव श्याम भारती ने कहा कि दरभंगा जिला में किसानों के हित और सुविधा के लिए एक मात्र केन्द्रीय सहकारी बैंक था, जो वर्षों से बंद है. सभा की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष बाबू साहब झा ने की. इस मौके पर महेश दूबे, रामधनी झा, सुदामा ठाकुर, सुधीर पासवान, परमेश्वर पासवान, नंदराम, मो. कलाम, विष्णु सहनी, सुरेन्द्र पासवान, सुशीला देवी, मनोज मिश्र, सुबोध चौधरी, राम प्रीत राम आदि ने भी विचार रखे.

