
दरभंगा में जगह जगह दिखा योग का असर। Voice of Darbhanga

दरभंगा : अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिक्षण संस्थानों के अलावा सामूहिक रूप से भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. योग दिवस को लोगों ने भारतीय संस्कृति का एक अंग मानते हुए स्वीकार किया है. सभी उम्र के लोगों ने इसमें शिरकत कर यह साबित कर दिया कि योग किसी खास उम्र के लोगों के लिए नहीं है. दरभंगा शहर के कर्पूरी चौक पर सुबह पांच बजे से सात बजे तक आयोजित योग शिविर का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर ने किया. इस अवसर पर श्री ठाकुर ने कहा कि अनियमित दिनचर्या व खान-पान के कारण लोग जाने-अंजाने में कई बिमारियों के शिकार होते जा रहे हैं. ऐसे में बिना खर्च के खुद को स्वस्थ रखने का सबसे सशक्त माध्यम योग है. इस योग में जिलाध्यक्ष हरी सहनी एवं उपाध्यक्ष अशोक नायक सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। डरहार नहर के पास आयोजित योग शिविर में भाग लेते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरारी मोहन झा ने सूर्य नमस्कार, हंसासन, गरूड़ासन, वृक्षासासन, बकासन, बज्रासन, भुजंगासन, इंद्रासन के विभिन्न मुद्राओं को बताया और इसके द्वारा रोगों से बचाव के उपाय बताये.
वहीं इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, मनीगाछी पश्चिमी मंडल द्वारा ब्रह्मपुर सकरी में योग शिविर का आयोजन किया गया. आयोजन में भाजपा नेता चन्दन झा तथा आर्ट ऑफ लिविंग के रजनीश झा की भूमिका अहम रही. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, विधानसभा प्रभारी श्रीपति पाठक, मंडल अध्यक्ष अंजनी कुमार झा, घनश्याम झा, कमल नारायण मिश्र, राजेश लाडिया, बिन्देश्वर राम, नीलाम्बर मंडल, फूल देवी, सुनिता देवी, यशोदा देवी, फूलतारा देवी, सुकुमारी देवी सहित अन्य लोगों ने भाग लिया. इधर ट्रेन में योग करने की सूचना ने योग दिवस की सार्थकता को और बढ़ा दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार कमला-गंगा फास्ट पेसेंजर में प्रभात दास फाउंडेशन के स्वंय सेवकों द्वारा योग का अभ्यास कराया गया.

