
चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

मनीगाछी: नेहरा ओपी पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का उद्भेदन किया है। इस गिरोह में शामिल चार अपराधियों में से पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया। फरार दो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। ओपी अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम नेहरा हाट चौक से पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ नेहरा के प्रकाश झा व बेनीपुर के फरदाहा गांव के मोनू मिश्र को गिरफ्तार किया था। इनसे की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का उद् भेदन किया। पूछताछ में दोनों बाइक चोरों ने बताया कि उसके गिरोह में कन्हौली के सुमन यादव व नजरा गांव के मो. फरमान शामिल हैं। फरहान इस गिरोह का सरगना है ।मनीगाछी एवं सकरी थाना क्षेत्र से ट्रैक्टर लूटकांड का वह आरोपित है। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है। ओपी अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि इस गिरोह के चारों शातिरों ने मिलकर मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र से काले रंग की 185 सीसी की पल्सर बाइक की चोरी की। चारों ने मिलकर बाइक का दाम 10 हजार रुपये लगाया। शातिर प्रकाश, मोनू व सुमन ने मिलकर फरहान के हिस्से के 25 सौ रुपये देकर बाइक अपने पास रख ली। जिससे ये लोग अवैध शराब का कारोबार करता था।

