
जंक्शन से लेकर बस स्टैंड तक फैला हुआ है नशाखुरानी गिरोह का बहुत बड़ा नेटवर्क! Voice of Darbhanga

दरभंगा। अभिषेक कुमार
दरभंगा में बाहर से आने वाले यात्रियों पर नशाखुरानी गिरोह की नजर आजकल गिद्ध की तरह गड़ी रहती है. जीआरपी और जिला पुलिस की सुस्ती इन दिनों नशा खुरानी गिरोह के काफी सक्रिय होने में मदद भी कर रहे हैं. आये दिन शहर से लेकर एनएच पर बेहोश यात्रियों के मिलने का सिलसिला जारी है. हाल यह है कि कभी सदर, मब्बी तो भालपट्टी ओपी क्षेत्र में बेहोश यात्री मिल रहे हैं. लोगों की सूचना पर पुलिस बेहोश लोगों को इलाज के लिये डीएमसीएच में भरती करा अपने फर्ज को इतिश्री कर मौन बैठ जाती है. यही कारण है कि पिछले दो महीने में नशा खुरानी गिरोह ने एक दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है. लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मामले का उद्भेदन नहीं कर सकी है. इसके कारण नशा खुरानी गिरोह का दिन-प्रतिदिन मनोबल बढ़ता ही जा रहा है.
नशा खुरानी गिरोह में कई टेम्पो व जीप चालक भी शामिल हैं. बताया जाता है कि जंक्शन से दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को गिरोह में शामिल टेंपो व जीप चालक फंसाकर कादिराबाद बस पड़ाव ले जाते हैं. गाड़ी खराब अथवा कोई बहाना बनाकर उसे गिरोह में शामिल दूसरे वाहन में बैठा देते हैं. बताया जाता है कि कादिराबाद बस पड़ाव पर बहाना बनाकर चालक व खलासी यात्रियों को चाय, कोल्ड ड्रिंक अथवा खैनी में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला देता है. बेहोश होने के बाद यात्रियों को एनएच पर फेंककर सामान लेकर चंपत हो जाते हैं.
दरभंगा जंक्शन व कादिराबाद बस पड़ाव पर उतरने वाले यात्रियों को नशा खुरानी गिरोह अपना शिकार बना रही है. जानकारी के अनुसार जंक्शन से उतरकर दूर जाने वाले यात्रियों के साथ गिरोह के सदस्य लग जाते हैं. यात्री जिस ओर जाने की बात कहता है गिरोह के सदस्य उसी ओर जानी की बात कहकर उसके साथ हो जाता है. रास्ते में चाय अथवा कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर देता है. फिर उसका सामान लेकर फरार हो जाता है.
ऐसे में यदि पुलिस सक्रियता दिखा कर ऐसे गिरोहों का पर्दाफाश करना शुरू नही करती तबतक नशा खुराणी गिरोहों का मनोबल बढ़ता रहेगा और दूर दराज से आने वाली यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही रहेगी।

