
जनवितरण का अनाज लदा पिकअप जप्त, विक्रेता-खरीदार और वाहन मालिक पर प्राथमिकी। Voice of Darbhanga

हनुमाननगर : जनवितरण प्रणाली के खाद्यानों की कालाबाजारी धड़ल्ले से चल रही है. सोमवार की अहले सुबह मोरो पंचायत के ग्रामीणों ने गांव के डीलर मंगल चौधरी के जनवितरण केंद्र पर डीलर द्वारा गेहूं के बैग लदवाते देख इसकी तत्काल सूचना हनुमाननगर के पणन पदाधिकारी ए.के.लाल को दी. एमओ ने सूचना के आलोक में तत्क्षण मोरो थानाध्यक्ष को सशत्र बल उपलब्ध कराने का आग्रह कर मोरो के लिए प्रस्थान किया तो रास्ते में हीं चांदी चौक के पास गेहूं लदा एक पीकप भान मिला. वाहन की तलाशी में पीकप पर एफसीआई के बोड़ा में जनवितरण का गेहूं लदा पाकर उक्त वाहन को चालक समेत मोरो थाना लाकर जब चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वाहन पर लादकर मोरो पंचायत का डीलर मंगल चौधरी इसे कालाबाजारी में बेचने के लिए रामप्रीत चौधरी के पास ले जा रहा था. एमओ ने जब आरोपी डीलर के जनवितरण केंद्र पर वितरण पंजी की जांच की तो स्टॉक 349 बैग राशन के बदले मात्र299 बैग राशन अर्थात 50 बोड़ा राशन कम पाकर दुकान को सील कर दिया. इसकी प्रथमिकी एम ओ के लिखित आवेदन पर मोरो थाना में काण्ड सं. 36/17, भा.द.वि. की धारा 420/34 एवं 7 ई.सी .एक्ट के तहत दर्ज की गई है. जिसमे डीलर मंगल चौधरी, चालक बलित कुमार चौधरी, गाड़ी के मालिक राकेश कुमार राय एवं रामप्रीत चौधरी को नामजद आरोपी बनाया है. प्राथमिकी में एमओ ने डीलर के यहां मात्र 30 बैग गेहूं स्टॉक से कम पाये जाने का उल्लेख करते हुए बिना जप्त पीकप पर लदे गेहूं के बोड़े की गिनती किए हीं जप्ती सूची तैयार किए हीं मात्र 30 बोड़ा गेहूं की बरामदगी की जिक्र किया है. जबकि थाना पर मौजूद सीओ भुवनेश्वर झा ने खुद स्वीकार किया है कि जप्त वाहन पर 40 से अधिक बोड़ा गेहूं जप्त की गई है. जप्त पीकप का नं.बी.आर.07जी.ए2243 है. गिरफ्तार चालक को जेल भेजने की तैयारी पुलिस कर रही है वहीं आरोपी डीलर एमओ के साथ छुट्टा घुम रहे हैं जिसके कारण ग्रामीण आक्रोशित हैं.

