
चालक की हत्या करके बोलेरो को लूटा। Voice of Darbhanga

सिंहवाड़ा : अज्ञात हत्यारों के द्वारा बोलेरो चालक की हत्या कर मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर सड़क को जोड़ने वाली बाइपास सड़क के किनारे फेंक दिया गया. अहले सुबह ग्रामीणों द्वारा सिमरी पुलिस को सूचना दी गई. सिमरी पुलिस सूचना पाकर त्वरित कारवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. मृतक चालक के जेब से एक मोबाइल नम्बर पुलिस को मिली. जिसके आधार पर मृतक चालक की पहचान दरभंगा के कबीरचक मुहल्ला निवासी गेना पासवान के पुत्र जगन्नाथ पासवान के रूप में हुई है. देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि चालक की हत्या गर्दन दबाकर की गई है. रविवार की देर रात चालक अपने घर पर यह बोलकर निकला था कि तीन बजे रात में दरभंगा स्टेशन से एक भाड़ा है. चालक के शव को सोभन-एकमीघाट बाइपास सड़क के किनारे हत्या करने के बाद फेंक दिया गया था. वहीं गाड़ी का कोई पता नहीं था. ऐसा माना जा रहा है कि हत्यारे को इस सड़क से आना-जाना पूर्व से ही रहा होगा. एनएच 57 के सोभन चौक से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर शव को सड़क किनारे फेंका गया था. बोलेरो का नम्बर बीआर07पी 6764 बताया गया है. इस संबंध में सिमरी थाना में अज्ञात के विरूद्ध 71/17 हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.

