Home मुख्य पूरी प्लानिंग के साथ भाड़ा तय करके बुलाकर की गयी बोलेरो चालक की हत्या! Voice of Darbhanga
मुख्य - June 27, 2017

पूरी प्लानिंग के साथ भाड़ा तय करके बुलाकर की गयी बोलेरो चालक की हत्या! Voice of Darbhanga

 

दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन-एकमी नये बाईपास रोड में वाहन लुटेरों ने सोमवार की अहले सुबह चालक की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसकी बोलेरो गाड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है. अपराधी पूर्व निर्धारित प्लान के तहत पहले ही गाड़ी भाड़ा पर ली. तय समय के अनुसार चालक को गाड़ी लेकर जंक्शन पर बुलाया. फिर जंक्शन से बोलेरो पर बैठकर निकला और बीच रास्ते में चालक की हत्या कर शव को शोभन बाईपास के समीप सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया.

जगन्नाथ के परिजनों ने बताया कि रात 11 बजे कहीं से गाड़ी लेकर आया. नहाने के बाद बोला कि सुबह तीन बजे भाड़ा में जाना है. इसके लिये रात करीब एक बजे ही घर से निकल गया. आशंका जतायी जा रही है कि तय समय के अनुसार यात्री के वेश में लुटेरा जगन्नाथ की बोलेरो पर सवार हुआ और बीच रास्ते में उसकी हत्या कर वाहन लेकर फरार हो गया. सुबह जब लोगों ने सड़क किनारे युवक का हाथ-पांव बंधा शव देख पुलिस को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलने पर सिमरी पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. वहीं मृतक के पॉकेट से मिले मोबाइल नंबर पर परिजनों को इसकी सूचना दी. परिजनों के पहुंचने पर पता चला कि मृतक सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक पंचायत के पोसनपुरा निवासी स्व. गेना पासवान के पुत्र जगन्नाथ है. जानकारी के अनुसार जगन्नाथ पिछले पांच साल से रेलवे कर्मी जीवछ झा की बोलेरो चलाता था.

सिमरी थाना क्षेत्र के दरभंगा बाईपास शोभन-एकमी रोड में लूट व हत्या की पहली घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है. बता दें कि 14 जून को ही सीएम नीतीश कुमार ने इस पथ का उद‍्घाटन किया था. बता दें कि इस सड़क के चालू हो जाने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी निजात मिली है. लेकिन इस सुनसान पथ पर पुलिस की सक्रियता नहीं होने से आगे भी इस तरह की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है. इस तरह की घटना को रोकने के लिये पुलिस को इस पथ पर लगातार चौकसी बरतनी होगी.

Share

Leave a Reply