
ससुराल वालों पर दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर देने का आरोप। Voice of Darbhanga

दरभंगा : दरभंगा के सदर थाना क्षेत्र में बहु को दहेज के लिए मार देने का मामला सामने आया है. इस सिलसिले में लड़की के पिता सिंहेश्वर साह ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिसमे लड़का समेत उसके पिता, दो भाई व गोतनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. लड़की का मायका बहेड़ा के सोहत गांव में है. उसकी शादी 4 अप्रैल 2016 को सदर थाना क्षेत्र के धोई कल्याणपुर गांव के जितेन्द्र साह के पुत्र सुरेन्द्र साह से हुई थी. शादी के बाद से ही लड़के वाले लड़की वाले से दहेज की मांग कर रहे थे. इस कारण सात माह पूर्व लड़की के पिता उसे अपने साथ घर ले गए, लेकिन दो माह पूर्व पंचायत के बाद लड़की को उसके ससुराल पहुंचा दिया गया. सोमवार देर शाम मुम्बई में रहने वाले लड़की के भाई ने अपने पिता को फोन पर बताया कि किसी ने उसे फोन कर सूचना दी है कि उसकी बहन की हत्या ससुराल वालों ने कर दिया है. खबर मिलते हीं देर रात लड़की के पिता उसके ससुराल धोई कल्याणपुर पहुंचे, लेकिन वहां अपनी बेटी से नहीं मिल पाये. इसके बाद उन्होंने थाना को सूचना दी. पिता अपनी बेटी को खोज ही रहे थे कि रात करीब 1 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उसके बेटी की लाश लाकर ससुराल के दरवाजे पर रख कर भाग गये. थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. लड़की के शरीर पर मिट्टी और चिरचिरी का निशान देखा गया. पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान कर रही है. घटना के बाद से ही ससुराल के सभी लोग फरार बताये जाते हैं.

