
जमीन में गाड़ कर रखे 161 बोतल शराब को पुलिस ने किया बरामद। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 161 बोतल शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है थर्मोकॉल के डिब्बे में शराब की बोतलों को मिट्टी के नीचे छिपाकर कर रखा दिया गया था। लेकिन, इसकी भनक पुलिस को लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर धंधेबाज मोहन सहनी को दबोच लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मिट्टी खोदकर रॉयल स्टैग कंपनी की 180 एमएल की 144 बोतल व 375 एमएल की 17 बोतल शराब बरामद की। धंधेबाज मोहन सहनी शातिर अपराधी भी है। इससे पहले डीजल चोरी मामले में वह जेल जा चुका है। बताया जाता है कि पुलिस की नजर पड़ते ही मोहन ने भागने की कोशिश की। लेकिन, उसे दबोच लिया गया। सहायक अवर निरीक्ष अरुण कुमार दूबे के बयान पर मोहन के खिलाफ उत्पाद अधिनियम 30 ए के तहत कांड संख्या 71/17 अंकित कर धंधेबाज को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया। इधर, थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि नई शराब अधिनियम के तहत धंधेबाज मोहन सहनी के घर को सील किया जाएगा। इसके बाद उसके घर को नीलाम करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

