
होटलकर्मी द्वारा बच्ची के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर हंगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर के चकाचौन्ध वाले होटलों में भी वहसी दानव छिपे रहते हैं जो नैतिकता को किसी भी स्तर तक गिरा सकते हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला दोनार चौक स्थित रंभा होटल में बीती रात एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आया है जिसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोपी को पकड़ जमकर धुनाई कर दी। रात 11 बजे होटल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जो जिधर से आ रहे थे वे मारो-मारो की बात कह रहे थे। कोई लात से तो कोई मुक्का से आरोपी को मार रहे थे। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस ने पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। बावजूद, परिजनों का आक्रोश चरम पर था। होटल संचालक पर भी परिजन लोग कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। हालांकि, काफी समझाने के बाद परिजन शांत हो गए। बताया जाता है कि होटल में रिंग सिरोमनी समारोह में शामिल होने के लिए एक दंपती अपने बच्चों के साथ आए थे। इस दौरान उनकी बच्ची वाथरूम गई। मौका देखते ही होटल का एक कर्मी वाथरूम में घुस कर अंदर से गेट बंद कर लिया। वह बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद बच्ची जोर-जोर से चिल्लाने लगी। मौका देखते ही आरोपी गेट खोलकर फरार हो गया। इसके बाद बच्ची रोते हुए अपने माता-पिता के पास पहुंची। जानकारी लेने पर उसने सारी सच्चाई अपने परिजनों को बताई। इसके बाद समारोह में शामिल लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लेकिन, होटल संचालक ने सभी को समझाते हुए अपने कर्मियों की पहचान बच्ची से करायी। बच्ची ने एक कर्मी को देखते ही पहचान लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। आरोपी देवु कुमार चौपाल सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटासा गांव का निवासी है। आरोपी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष रमेश दुबे ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

