
महंगी पड़ी दहेज़ की मांग, दूल्हा पिता समेत 18 घण्टो तक बना रहा बंधक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दहेज़ इस समाज केलिए अभिशाप बन चुका है। पर दहेज़ लोभियों को सुप्रिया जैसी बेटी का साहस कभी कभी उनकी औकात दिखा देता है और दहेज़ लोभियों को समाज के सामने शर्मिदा होना पड़ता है। ताजा मामले में बहादुरपुर थाना क्षेत्र के आरएस टैंक मोहल्ला में बुधवार को बरात लेकर आए दूल्हा व उसके पिता को कन्या पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया। एक कमरे के अंदर दोनों को बंद करके रखा गया था। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, लोगों के आक्रोश के सामने पुलिस को भी वापस होना पड़ा। कन्या पक्ष के लोग वर पक्ष से पहले दिए गए दहेज की रकम व शादी की तैयारी में हुई खर्च राशि की अदायगी की मांग कर रहे थे। हालांकि, आक्रोशित लोगों ने बरात आए लोगों को खाना खिलाकर विदा कर दिया। बताया जाता है कि कृषि विभाग में कार्यरत एक कन्या की शादी मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के धर्मडिहा गांव निवासी विद्यानंद लाल दास के पुत्र रंजीत कुमार कर्ण से तय हुई। इसमें बताया गया कि लड़का बीए पास है और सरकारी नौकरी करता है। पंचायत सचिव के पद पर नौकरी करने की बात कह उसने दहेज में एक लाख रुपये की मांग की थी। कन्या पक्ष ने 50 हजार रुपये नगद व 50 हजार रुपये लड़के के पिता के बैंक खाते के माध्यम से दे दिया। सारा लेन-देन मधुबनी के रहने वाले राममिलन दास की मौजूदगी में हुई। इसके बाद 29 जून को शादी की तिथि तय हुई। लेकिन, 28 जून को ही दूल्हा का भाई राहुल कर्ण व दोस्त गौतम कर्ण लड़की वाले के यहां पहुंच गए। इन्होंने कन्या पक्ष से दहेज में एक अपाची बाइक देने की मांग की। लड़की वाले ने बाइक देने में असमर्थता व्यक्त की। लेकिन, बाद में दे देने की बात कह उन लोगों को वापस कर दिया गया। 29 जून को लड़की पक्ष को ज्ञात हुआ कि लड़का न तो बीए पास है और न वह सरकारी नौकरी में है। पता चला कि वह वार्ड सदस्य की समिति में सचिव है। जिस काम में उसे एक रुपये भी नहीं मिलता है। इसके बाद लड़की पक्ष वालों पर पहाड़ टूट पड़ा। लड़की ने भी शादी करने से इंकार कर दिया। कहा कि जो शादी से पहले ही दहेज की मांग कर रहा है वह बाद में क्या करेगा। इसी बीच रात्रि में बरात पहुंच गई। शादी की तैयारी भी पहले से की जा रही थी। बरात आने के बाद सभी का स्वागत आराम से किया गया। इसके बाद दूल्हा व उसके पिता को उठाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बरात पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, सभी को सच्चाई बताकर वापस कर दिया गया। गांव के लोगों ने भी बताया कि दूल्हा पक्ष गुमराह कर शादी कर रहा है। इसकी जानकारी किसी को नहीं है। गुरुवार को दूल्हा व उसके पिता को बंधक बनाकर रखा गया था। दहेज की रकम वापस करने के लिए दूल्हा ने अपने आदमी को गांव भेजा। फिर बाद में परिजनों द्वारा पैसा लौटाये जाने के बाद पुलिस की मौजूदगी में पिता पुत्र को रिहा किया गया। इनदोनो को करीब 18 घण्टे बंधक बना रहना पड़ा।

