Home मुख्य एकबार फिर सड़क किनारे के अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलना शुरू। Voice of Darbhanga
मुख्य - July 3, 2017

एकबार फिर सड़क किनारे के अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलना शुरू। Voice of Darbhanga

 

दरभंगा  : शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए सोमवार को एएसपी दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में लोहिया चौक से नाका नंबर पांच तक अतिक्रमण हटाया गया. सुबह करीब दस बजे के बाद लोहिया चौक से नगर निगम का फ्रंट लोडर मशीन व कई ट्रैक्टर व मजदूर के साथ निगम के कर्मी पहुंचे. साथ में सदर सीओ राकेश कुमार, लहेरियासराय थानाध्यक्ष आरके शर्मा, दंगा निरोधक दस्ता के प्रभारी जर्नादन शर्मा भारी पुलिस बल के साथ लोहिया चौक पहुंचे.

पूरे प्रशासनिक अमला को देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. थोड़ी ही देर में लोहिया चौक से अतिक्रमण खाली कराना शुरू हुआ. देखते ही देखते बाकरगंज से लेकर दारूभठ्ठी चौक तक अतिक्रमण खाली हो गया. अतिक्रमणकारी दुकानदार अपने-अपने दुकान को समेटने लगे. वहीं जिस दुकानदार ने अपने सामने बोर्ड व छज्जा आगे बढ़ाये हुये थे उसे तोड़ दिया गया. प्रशासनिक अमला इसके बाद लाईट हाउस सिनेमा से लेकर नाका नंबर छह तक अतिक्रमण खाली कराना शुरू किया गया. जिला स्कूल के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से बने आधे दर्जन झोपड़ियों को उजाड़ दिया गया. फिर नाका नंबर पांच तक अतिक्रमण हटाया गया.

बार-बार हिदायत देने के बाद भी कई दुकानदारों ने स्थायी रूप से सड़क पर अतिक्रमण कर रखा था. इसको लेकर नगर निगम के कर्मियों ने ऑन द स्पॉट 18 दुकानदारों से जुर्माना के तौर पर 13500 रुपये वसूल किये. वहीं चेतावनी दी कि अगर आज के बाद फिर से उक्त दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया गया तो दो हजार रुपये जुर्माने की वसूल की जायेगी.

अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध मंगलवार को भी अभियान चलाया जायेगा. मंगलवार को नाका नंबर पांच से लेकर दरभंगा टावर तक अतिक्रमण खाली कराया जायेगा. वहीं बुधवार को दोनार चौक से लहेरियासराय टावर तक अतिक्रमण खाली कराया जायेगा. इसको लेकर अतिक्रमणकारियों में खलबली मची हुयी है. जानकारी के अनुसार आज से ही इन इलाकों में अतिक्रमणकारी सड़क से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है.

एएसपी दिलनवाज अहमद ने कहा यातायात व्यवस्था को सुचारू व व्यवस्थित करने के लिए अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने दुकानदारों व अतिक्रमणकारियों से अपील की कि वे अविलंब अतिक्रमण खाली कर लें.  उन्होंने लोगों से सड़क पर रखे भवन निर्माण सामग्री को भी हटा लेने की चेतावनी दी.

Share

Leave a Reply