Home मुख्य निगम कार्यालय सहित शहर के कई मुहल्ले बारिश में डूबे। Voice of Darbhanga
मुख्य - July 4, 2017

निगम कार्यालय सहित शहर के कई मुहल्ले बारिश में डूबे। Voice of Darbhanga

 

दरभंगा: सोमवार की देर शाम से ही हो रही बारिश के कारण शहरी क्षेत्र के कई इलाके झील में तब्दील हो गए। मंगलवार को सुबह से ही रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें और भी बढ़ा दी। सुबह से ही लोग अपने घरों में दुबके रहे। हालांकि स्कूल व कार्यालय जाने वाले लोगों को मजबूरन भींग कर कार्यालय का रुख करना पड़ा। बारिश से शहरी क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में जलजमाव की समस्या बनी रही। कई इलाकों में सड़कों पर डेढ़ से दो फीट तक पानी लगा रहा। लोग किसी तरह पानी में प्रवेश कर इधर से उधर आते जाते देखे गए। शहर के कादिराबाद, दरभंगा टावर, विवि मैदान व कैंपस, लक्ष्मीसागर, चूनाभठ्ठी, फैजुल्ला खां, वार्ड 25, 27, बलभद्रपुर, बंगाली टोला सहित कई इलाके टापू में तब्दील नजर आए। यहां तक की जलजमाव की समस्या से नगर निगम कार्यालय भी अछूता नहीं था। शहरवासियों का आक्रोश इस कार्यालय को देखकर कम पड़ जाता था। काम से आने वाले लोग किसी तरह पानी में उतर कर कार्यालय आते-जाते दिखे। दरभंगा टावर की स्थिति तो बद से बदतर नजर आई। यहां बच्चे किसी तरह सड़क पर लगी रेलिंग के सहारे आते-जाते देखे गए। वहीं ठीक टावर चौक का नजारा कुछ और ही था। यहां घुटने तक पानी लगा हुआ था। लोग अपनी गाडियों से इसमें जाने से भी कतरा रहे थे। वहीं मिथिला विवि कैंपस स्थित राज मैदान में चारों ओर पानी लगा हुआ था। लोग जैसे-तैसे आने-जाने को विवश देखे गए। इधर, निचली इलाकों में मानों बाढ़ का नजारा देखने को मिल रहा था। फैजुल्ला खां सहित आसपास के कई इलाकों में घरों में पानी प्रवेश कर गया। लोग बाल्टी व मग के सहारे घर में घुसे पानी को निकालने में व्यस्त दिखें। इस दौरान कई लोगों ने नगर निगम प्रशासन को जमकर कोसा। उनका कहना था कि थोड़ी सी बारिश में स्थिति नारकीय हो जाती है। कई बार इसको लेकर आंदोलन तक किया गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बता दें कि बारिश को देखते हुए नगर निगम की ओर से लगातार नालों की सफाई कराने की बात कहीं जा रही है। गैंग लगाकर बड़े-बड़े नालों का साफ किया जा रहा है। इधर, नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा ने बताया कि पंपिंग सेट के जरिए पानी को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। धीरे-धीरे पानी निकलने लगेगा।

Share

Leave a Reply