Home मुख्य मूसलाधार बारिश से मचे त्राहिमाम के बीच डीएम ने बुलायी आपात बैठक। Voice of Darbhanga
मुख्य - July 10, 2017

मूसलाधार बारिश से मचे त्राहिमाम के बीच डीएम ने बुलायी आपात बैठक। Voice of Darbhanga

 

दरभंगा। जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में भारी बारिश से उत्पन्न विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को अपराह्न तीन बजे पानी से लबालब भरे समारहणालय परिसर में पदाधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में शहर से जलनिकासी को लेकर कई कदम उठाए गए। स्कूली बच्चों की सेहत व जानमाल के मद्देनजर मंगलवार तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए। डीएमसीएच से जलनिकासी के लिए पीएचइडी के दो पंपों को लगाया गया है। इसके अलावा शहर से जलनिकासी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को लहेरियासराय चट्टी, डीएससीएच छपरार घाट व कंगवा गुमटी से जलनिकासी के लिए लगाया गया है। डीएम ने बताया कि सामान्य स्थिति होते ही जलजमाव वाले मोहल्ले से पंपों के माध्यम से जलनिकासी की जाएगी।

दूसरी ओर डीएमसीएच के एमबीबीएस के छात्रों की छुटटी 15 तक हो गई है। भारी जलजमाव को लेकर प्राचार्य डॉ. आरके सिन्हा ने सोमवार को यह आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि 10 से 15 जुलाई तक छुटटी रहेगी। 17 जुलाई से सामान्य दिनों की तरह छात्रों का पठन पाठन शुरू हो जाएगा। अभी डीएमसीएच में भारी जलजमाव है। इसके कारण लेक्चर थिएटर तो खुले लेकिन एक भी छात्र यहां नहीं पहुंच पाया। छात्रावास से लेकर डीएमसी के परिसर तक पानी ही पानी पसरा है। पैदल ही नही, कार से पहुंचना भी यहां कठीन हो गया है। प्रशिक्षण के लिए वार्ड में जाना छात्रों के लिए और भी मुश्किल हो गया है। उधर कई छात्रावासों में भी पानी फैल गया है। उधर डीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. एसके मिश्रा ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजा है। जिसमें यहां के जलजमाव की स्थिति की विस्तार से जानकारी दी गई है। पत्र में कहा गया है कि पूरे वार्ड में पानी घुस गया है। इसके चलते मरीजों के उपचार की व्यवस्था चरमरा गई है। मरीजों को आज पका हुआ भोजन नहीं मिल पाया। डॉक्टरों और कर्मियों को वार्ड पहुंचना मुश्किल हो गया है।

Share

Leave a Reply