
फर्जी पत्रकार बनकर चुनाव में गड़बड़ी करवाने का प्रयास कर रहा प्रत्याशी पति सहयोगी संग गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

हनुमाननगर: मतदान के दौरान एक प्रत्याशी विशेष को मदद पहुंचाने के आरोप में आरओ सह बीडीओ ओम प्रकाश ने दो लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया।हिरासत में लिए गए दोनों लोगों पर प्रशासन की आंख में धूल झोंककर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रमीला देवी को चुनाव में मदद पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी में से एक लहेरियासराय थाना के इमामबाड़ी मुहल्ले का परमेश्वर साह का पुत्र विनोद कुमार तथा दूसरा मोरो थानाक्षेत्र के तीसीडीह निवासी लक्ष्मी सहनी का पुत्र अंगेशर सहनी बताया जाता है।अंगेशर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रमीला देवी का पति है जो मतदान के दौरान अपनी पत्नी का पोलिंग एजेंट बना हुआ था।दूसरा आरोपी भी अंगेशर का शागिर्द ही था जो एनआर कटने के दिन से ही उसकी पत्नी को चुनाव में लाभ पहुंचाने के लिए मुस्तैद था।हास्यास्पद बात यह है कि जिला से भेजे गए फोटोग्राफर के नाम पर गुरुवार से ही यह आरोपी प्रखंड में चुनाव संबंधी सभी कार्यों में विडियोग्राफी व फोटो कैद करने में लगा रहा।लेकिन किसी ने उससे परिचय लेना मुनासिब नहीं समझा।न विशनपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सह सहायक अवर निरीक्षक रामावतार साह से उस फर्जी फोटोग्राफर की बकझक होती और न ही व पकड़ में आता।थानाध्यक्ष ने बताया कि बूथ संख्या एक के मजिस्ट्रेट सह बीएओ कमरे आलम के आवेदन पर दोनों आरोपी पर आरोप तय करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

