
बारिश की भयावह स्थिति को देख डीएम ने खुद संभाली कमान। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भारी बारिश से मचे हाहाकार की गंभीरता देख मंगलवार को डीएम ने खुद कमान संभाली और शहर के विभिन्न इलाकों का आन द स्पाट जायजा लिया. जरूरी निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों को सख्त ताकीद की कि हर हाल में पानी निकासी सुनिश्चित करें.
अपने चैंबर में डीएम चंद्रशेखर सिंह ने आपात कार्ययोजना के अमल की जानकारी ली. इस काम में सहूलियत की खातिर जिला नियंत्रण कक्ष को एक्टिवेट करने और चौबीसो घंटे नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 06272-240600 कोचालू रखने को कहा.
पानी निकासी के लिए नगर निगम के अधिकारियों और कर्मियों के साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस बल को प्रतिनियुक्त करने निर्देश दिया गया. नालों के अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई.
डीएमसीएच की नारकीय स्थिति के संबंध में उन्होंने अधीक्षक और प्राचार्य से चिकित्सकों को अस्पताल लाने और ले जाने के लिए दो बड़े वाहन और छात्रावासों में भोजन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. सिविल सर्जन से उन्होंने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर सर्पदंश की दवा के साथ-साथ पानी साफ करने के टैबलेट का भंडारण करने को कहा.
डीएम ने बताया कि कार्यान्वयन को देखने वे खुद भ्रमणशील रहेंगे. उधर सरकारी और निजी स्कूलों को 13 जुलाई तक बंद रखने का आदेश भी उन्होंने दिया.

