Home मुख्य जलजमाव की समस्या पर विभाग के प्रधान सचिव ने लिया संज्ञान, आवश्यक निर्देश जारी। Voice of Darbhanga
मुख्य - July 15, 2017

जलजमाव की समस्या पर विभाग के प्रधान सचिव ने लिया संज्ञान, आवश्यक निर्देश जारी। Voice of Darbhanga

 

दरभंगा: जलजमाव की समस्या को लेकर सरकार को जिला प्रशासन की ओर से भेजी गई त्राहिमाम संदेश के बाद विभाग ने संज्ञान लिया है। नगर आवास एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने नगर आयुक्त से जानकारी मांगी है कि किन-किन मोहल्ले में जलजमाव की समस्या बनी रहती है। उन मोहल्लों की सूची विभाग को अविलंब भेजने का निर्देश दिया गया है। पत्र में शहरी क्षेत्र में जलजमाव व बाढ़ की समस्या के समाधान को ले कई दिशा-निर्देश दिए है। प्रधान सचिव की ओर से जारी पत्र में जलजमाव से पूर्व, जलजमाव के समय व इसके बाद की कार्रवाई को ले विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि बारिश व जलजमाव की संभावना से पूर्व शहरी क्षेत्र की सभी छोटी-बड़ी नालियों की सफाई, जलजमाव वाले मोहल्ले को चिन्हित करना, सरकारी व सार्वजनिक स्थानों को चिन्हित करना, मोटर-पंप, ट्रांसफर्मर आदि को दुरुस्त रखना, उपकरणों की मरम्मति हेतु वॉर्कशॉप की स्थपना व मरम्मतिकर्ताओं को चिन्हित व सूचीबद्ध करना आदि शामिल है। इसके अलावा गोताखोर गैंग को चिन्हित कर उनके संपर्क में रहना, मोहल्ले के खुले नाला ढ़कना, ड्रेनेज व पम्पिंग स्टेशनों को चालू रखना, जलजमाव व बाढ़ से विस्थापित लोगों को चिन्हित कर उनके अस्थायी पुनर्वास की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। साथ ही जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों से जलनिकासी हेतु पोर्टेबल डीजल पंप सेटों की व्यवस्था करना, पाईप लाइन, सीवर लाईन व खुला नाला पर से अतिक्रमण हटाना, भारी बारिश व बाढ़ की स्थिति में छोटे-बड़े सभी नालों पर सतत निगरानी के लिए गश्ती दल का गठन व जलजमाव की समस्या के समाधान हेतु नंबर प्रचारित करना ताकि विभिन्न क्षेत्रों में जलजमाव की सूचना कार्यालय को उपलब्ध हो सकें। वहीं, बाढ़ व जलजमाव के समय जलनिकासी के लिए डीजल पंप सेट का उपयोग, आवश्यकतानुसार कच्ची नालियों का निर्माण, जाम नालों की सफाई, जलनिकासी का सतत अनुश्रवण करना व जलनिकासी में आ रही बाधाओं को दूर करना, प्रभावित व्यक्तियों को सुविधा उपलब्ध कराना, जलजमाव वाले क्षेत्रों में सुढृढ़ बिजली व्यवस्था करना, जलजमाव के समय कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर प्रभावित क्षेत्रों में अनुश्रवण हेतु पदस्थापन करना आदि शामिल है। इसके अलावा, बाढ़ व जलजमाव के बाद प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी के बाद ब्लीचिंग का छिड़काव, सफाई व्यवस्था के साथ-साथ जलजमाव से उत्पन्न कचड़ा का निष्पादन करने के अलावा जलजमाव के कारणों को चिन्हित कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

Share

Leave a Reply