
जयनगर-रांची ट्रेन को चालू करने की मांग को लेकर एमएसयू का धरना। Voice of Darbhanga

दरभंगा : मिथिला स्टुडेन्ट यूनियन के तत्वावधान में रेलवे की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना दरभंगा जंक्शन पर दिया गया. धरनार्थी मुख्य रूप से जयनगर-रांची ट्रेन बंद हो जाने पर आक्रोशित थे. वही यात्री सुविधाओं की भी बात धरना के माध्यम से उठायी गई. यूनियन के जिलाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रोजगार के लिये मिथिला के मजदूरों को झारखंड जाने के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं को बाबानगरी देवघर जाने में जयनगर-रांची एक्सप्रेस से काफी सहूलियत मिलती थी जो अब परिचालन बंद कर दिए जाने के कारण काफी कठिनाइयां हो रही है. वक्ताओं ने रेल मंत्रालय के इस ट्रेन के परिचालन बंद किये जाने की कड़ी निंदा करते हुए मंत्रालय से पुन: परिवर्तित मार्ग से परिचालन प्रारम्भ किये जाने की मांग की है. वक्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि हमारी मांग स्वीकार नहीं की गयी, तो संस्था की ओर से मांग की पूर्ति तक चरणबद्ध आंदोलन भी प्रारम्भ किया जाएगा जिसके लिये रेल मंत्रालय तैयार रहे. धरना कार्यक्रम को यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश भारद्वाज, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष गोपाल चौधरी, अमित ठाकुर, गणपति मिश्र, आशीष कश्यप, बालकृष्ण मिश्र, धीरज झा, सागर नवादिया, संतोष यादव, संरक्षक पंकज प्रसून, सुभाष एवं दिवाकर आदि ने संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन विमल मैथिल एवं धन्यवाद ज्ञापन अजीत वत्स ने किया.

