
शहर में चार दिनों से कचड़े का नही हो रहा है उठाव, मेयर ने बताया डंपिंग ग्राउंड का आभाव। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा में हुई लगातार मूसलाधार बारिश के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम ने तेजी से जल निकासी करवाने का दावा किया। हलाँकि कुछ निचले मोहल्ले की सूरत आज भी इस दावे पर सवाल उठाती नजर आ रहा है। पर बारिश थमने के बाद दरभंगा शहर कचड़े के ढेर पर खड़ा नजर आ रहा है। स्मार्ट सिटी बना देने का दावा करने वाले नये मेयर भी इसपर फ़िलहाल कुछ नही कर पा रहे हैं। सबसे बुरी हालत देखने को मिली शहर के एलएन मिश्रा पथ की जहाँ गली कूचे में ही नही, मुख्य पथ के किनारे जगह जगह लगे कचड़े के ढेर और पसरती गंदगी के साथ साथ फैलती दुर्गन्ध किसी महामारी को निमंत्रण देते नजर आ रहे हैं। वार्ड 47 के पूर्व पार्षद एवं वर्तमान पार्षद के पुत्र आशुतोष कुमार ने वॉयस ऑफ़ दरभंगा को बताया कि उनका वार्ड आदर्श वार्ड रहा है। पर वर्तमान में पूरे शहर के 1 से लेकर 48 वार्ड तक कहीं कचड़ा उठाव हो नही रहा है। ऐसे में पार्षद चाह कर भी कुछ नही कर पाएंगे।
इस समस्या पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए महापौर वैजंती देवी खेड़िया ने वॉयस ऑफ़ दरभंगा को बताया कि शहर का दुर्भाग्य है कि पिछले दस सालों में नगर निगम द्वारा डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था नही की गयी जिस कारण आज यह समस्या हो रही है। वैकल्पिक तौर पर जहाँ कचड़ा फेंका जा रहा था, वहां जलजमाव के कारण कचड़ा फेंकना संभव नही हो पा रहा है। गाड़िया भी उस स्थल तक नही पहुँच पा रही है। इसलिए धीमी गति से कचड़ा उठाव हो रहा है। पर जल्द इसका समाधान ढूंढ लिया जाएगा और जो शहर को दस साल में डंपिंग ग्राउंड नही मिल सका, वह इस बार जल्द मिलने वाला है। डंपिंग ग्राउंड की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है।

