
सड़क हादसे में महिला की मौत, बाइक सवार गम्भीर। Voice of Darbhanga

सदर : एनएच 57 फोरलेन पर जीवछ घाट के निकट शनिवार की सुबह मोटरसाइकिल एवं टेंपो की टक्कर में टेम्पो पर सवार एक महिला की मौत हो गयी. वहीं इस घटना में बाइक सवार भी घायल हो गये.
मृत महिला भालपट्टी ओपी के मालीटोल निवासी स्व. नागेंद्र ठाकुर की पत्नी सिया देवी बतायी गयी है. वहीं घायल बाइक सवार रैयाम थाना के बलसारा गांव के सगीर खान के पुत्र मजहर खान बताया गया है. जानकारी के अनुसार ऑटो चालक यात्रियों को लेकर सकरी की तरफ से दरभंगा की ओर आ रहा था.
इसी बीच जीवछ घाट चौक पर लोआम की ओर से आ रही मोटरसाइकिल के फोरलेन पर चढ़ते ही टक्कर हो गयी. इस घटना में टेम्पो पर बगल में बैठी महिला चपेट में आ गयी एवं घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस वहां पहुंची. पुलिस ने लाश को कब्जे में कर लिया एवं दोनों वाहनों को जब्त कर लिया. इधर थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आगे की कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी गयी है.

