
डिवाइडर से टकराये ट्रक की चपेट में आयी घायल महिला की इलाज़ के क्रम में मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: रविवार को जिले के सिमरी थानाक्षेत्र के दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच 57 पर भराठी कृषि फार्म के समीप एक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। जिसमें घास लेकर घर जा रही एक महिला ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो गई। चिकित्सा के दौरान उसकी डीएमसीएच में मौत हो गई। उसकी शिनाख्त सिमरी पेट्रोल पंप स्थित मोगलाहा टोला के दुखरण यादव की पत्नी केवला देवी(40) उर्फ मनिकौली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घायल महिला कृषि फार्म से घास लेकर अपने घर मोगलाहा टोला जा रही थी। चाय पत्ती लोडेड ट्रक गोवाहाटी से मुरादाबाद जा रहा था। ट्रक चालक जीतेन्द्र कुमार व खलासी संजीव कुमार यूपी के बागपतिपूरी के रहने वाले हैं। पुलिस ने सुरक्षा के लिए दोनों को हिरासत में ले रखा है। पुलिस के मुताबिक महिला केवला देपी घास लेकर सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर खड़ी थी। डिवाइडर के पास पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। वहां खड़ी महिला ट्रक की चपेट में आ गई। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। डीएमसीएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं ट्रक की टंकी फट गई। डीजल सड़क पर बह गया। अफरातफरी के बीच फोरलेन सड़क पर यातायात घंटों प्रभावित रहा।थाना अध्यक्ष राजन कुमार की सूचना पर एनएचआई कंपनी के जेसीवी व हाइड्रा मशीन से ट्रक को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।बीच सड़क के डिवाइवडर में ट्रक फंस जाने के कारण विशेष परिचालन को वन-वे कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को देखने से यह प्रतीत होता है कि चालक को अचानक नींद के कारण संतुलन बिगड़ गया या संभवत: स्टेयरिंग फेल हो जाने से घटना हो गई है। लगातार हाइवे पथ पर हो रही दुर्धटना से सफर करने वाले सशंकित है।

