
गोली मारकर किया घायल और लूट ली बाइक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के समैला-झझड़ा मार्ग पर रविवार की रात अपराधियों ने अलग-अलग तीन जगहों पर घटना को अंजाम देकर एक युवक को गोली मारकर बाइक लूट ली। जख्मी 25 वर्षीय युवक रविंद्र पासवान तिलकेश्वर ओपी क्षेत्र के घेड़दौर गांव का निवासी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने सबसे पहले सैमला चौक के पास स्थानीय निवासी साइकिल सवार कपिलेश्वर मांझी को रोक कर उसकी तलाशी ली। जब उसके पास कुछ नहीं मिला तो उसे मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद अपराधी आगे की ओर बढ़कर बोहरबा गांव के पास पहुंच गए। वहां समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के लोरिथा गांव निवासी साइकिल सवार पंकज यादव को पकड़ कर चार हजार रुपए व एक मोबाइल लूट लिए। इसके बाद उसे मारपीट कर आगे की ओर बढ़ गए। इसके बाद अपराधियों ने झझड़ा मध्य विद्यालय के पास एक बाइक सवार को घेर कर रोक लिया। उस पर पिस्तौल तानकर बाइक छीनने की कोशिश की। जब बाइक सवार ने विरोध जताया तो उसे गोली मारकर जख्मी कर दिया। इसके बाद स्पेलेंडर बाइक लूटकर तीनों अपराधी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिरौल एसडीपीओ सुरेश कुमार मौके पर पहुंचकर घायल युवक को स्थानीय अस्पातल में भर्ती कराया। गंभीर स्थिति रहने के कारण उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की है। लेकिन, पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

