
दरभंगा पुलिस के टॉप टेन लिस्ट का मोस्ट वांटेड धराया। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए टॉप टेन की लिस्ट के पहले नम्बर पर रहने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। बहादुरपुर थाना पर एक प्रेस वार्ता में खुलासा करते एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी के निर्देश पर दरभंगा के टॉप टेन अपराधियों की सूची बनायी गयी थी। इन अपराधियों की गिरफ्तारी केलिए एएसपी दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में बहादुरपुर थानाध्यक्ष राजनारायण सिंह एवं कई अन्य थानाध्यक्षो की टीम बनायी गयी थी। श्री अहमद ने बताया कि इस सूची में दोनार के गंगासागर निवासी बाल्टी साह उर्फ़ विनोद साह के पुत्र अमित शाह उर्फ़ अमित कुमार का नाम प्रथम नम्बर पर था। यह हत्या, लूट रंगदारी आदि सहित कई मामलों में वांछित था जिसके गिरफ्तारी केलिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पर आज दोनार गुमटी के पास से पुलिस ने इसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ़्तारी के समय इसके पास एक मोटरसाइकल एवं मोबाइल जब्त किया गया है। उक्त अपराधी नशे का आदि था और आज अंततः नशे की लत के कारण ही पकड़ा गया। इसके एक मित्र को इस काम में लगाया गया था जिसने नशे केलिए इसे बुलाया। नशा की सामग्री पहुँचा कर दोस्त लौट गया और उसी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2010-11 में डा0 नीरज प्रसाद से रंगदारी मांगने एवं बम फेंकने के आरोप में भी यह अपने अन्य सहयोगी के साथ जेल जा चुका था। पुलिस इसकी गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी मान रही है।

