
नगर निगम को कार्य करने केलिए राशि की कमी नही है: प्रधान सचिव। Voice of Darbhanga

दरभंगा : शहरी क्षेत्र के सभी बड़े ऑउटफॉलो की निगरानी अब राज्य सरकार करेगी। शहर के तीन बड़े ऐतिहासिक तालाबों का सौदर्यीकरण जल्द ही किया जाएगा। तालाबों को संरक्षित करने की पहल की जा रही है। इसके लिए विभाग, राज्य सरकार व केंद्र सरकार मिलकर कार्य कर रही है। नगर निगम के पास राशि की कोई कमी नहीं है, केवल काम करने की आवश्यकता है। यें बातें शनिवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने की। वे नगर निगम परिसर में दीन दयाल अंत्योदय योजना अंतगर्त राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, राजीव आवास योजना, सबों के लिए आवास व स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाभुकों को संबोधित कर रहे थे। मौके पर लाभुकों के बीच कुल तीन करोड़ 92 लाख 87 हजार 500 की राशि वितरित की गई। वहीं, 103 फुटकर विक्रेताओं को पहचान पत्र दिया गया। श्री प्रसाद ने कहा कि शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी निदान को लेकर दोनार-टिनही पुल का कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां तक कचरा निष्पादन की समस्या है तो मुजफ्फरपुर नगर निगम की तर्ज पर यहां भी कचरा से पैसा कमाया जा सकता है। प्रधान सचिव ने कहा कि जलजमाव की समस्या के स्थायी निदान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं, मेयर वैजंती खेड़िया ने कहा कि पूर्व में भी इच्छाशक्ति की कमी के कारण कार्य नही हुआ, पैसे की कोई कमी नही थी, प्रधान सचिव ने भी इस बात का खुलासा किया। दरभंगा के विकास के प्रति निगम प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने निगम कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं की राशि हरहाल में लाभुकों के खातें में भेजे। उन्होंने कहा कि बार-बार जनता के माध्यम से बिचौलियों की शिकायत मिलती रहती है। यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभा में बोलते विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं को हर-हाल में पूरा करने में निगम कर्मी लग जाए। सभा में महापौर बैजयंती देवी खेड़िया के साथ उपमहापौर बदरुजम्मा खां ने भी निगम की समस्याओं से प्रधान सचिव को अवगत कराया। इसके बाद प्रधान सचिव ने दोनार-टिनही पुल का निरीक्षण किया। उनके साथ वुडको व निगम कर्मी भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद उन्होंने कई मुद्दों को लेकर सर्किट हाउस में एक उच्चस्तरीय बैठक की। उनके साथ जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह में मौजूद थे। मौके पर नगर आयुक्त नागेन्द्र कुमार सिंह, सिटी मैनेजर नरोत्तम कुमार साम्राज्य, नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा, सहायक नगर अभियंता साउद आलम, राजस्व प्रभारी प्रजापति मिश्र, उदय शंकर झा, रवि कुमार सहित कई निगम कर्मी मौजूद थे।

