
शहरी सुरक्षा तटबन्ध सुरक्षित पर रिसाव और एकमी स्लुईस गेट से आ रहा है पानी। Voice of Darbhanga

दरभंगा : बागमती नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से नगर में दहशत का माहौल है. एकमी घाट स्थिति स्लूइस गेट से पानी का रिसाव हो रहा है. इस गेट से काफी तेजी से पानी शहर में प्रवेश कर रहा है. इसके अलावा शहर सुरक्षा तटबंध से आजमनगर के निकट चतरिया समेत कई जगहों से रिसाव होने की खबर है. हलाँकि प्रशासनिक स्तर पर कार्य तेजी से किया जा रहा है। लोग पल-पल की जानकारी ले रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोगों की नजरें लगी रहती है. प्रशासन की ओर से प्रसारित जानकारी के अलावा लोग अपने स्तर से भी जलस्तर को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं.
बता दें कि नगर से बागमती नदी में जल निकासी को ले कई जगहों पर गेट बना हुआ है. नदी का जलस्तर बढने से अब पानी का रिसाव नगर की ओर हो गया है. बाढ़ आने की आशंका से नगर के लोग रतजगा करना शुरू कर दिये हैं. शुभंकरपुर मोहल्ला के सती घाट स्थित शमशान में पानी भर गया है. मृतकों के अंतिम संस्कार के लिये परिजन उंचे स्थानों की तलाश करते दिखे.
बागमती के जलस्तर में वृद्धि से नगरवासी दहशत में हैं. सती घाट स्थित शमशान में पानी भर गया है.
वार्ड सात के कबराघाट मोहल्ला से करीब एक दर्जन परिवार ने घर छोड़ दिया है. इन सभी का घर बागमती नदी के किनारे है. नदी का जलस्तर बढते देख इन लोगों ने घर छोड दिया है. मध्य विद्यालय बंगलागढ में इन परिवारों को ठिकाना दिया गया है. मेयर बैजयंती देवी खेड़िया ने बताया कि स्कूल में इन लोगों के रहने की व्यवस्था की गयी है.
उफनती बागमती नदी का पानी शहर में प्रवेश करने की संभावना से नगरवासी डरे हुए हैं. नदी के जलस्तर को देखने के लिए आज दिनभर लोग बागमती के किनारे पहुंचते रहे. जलस्तर में लगातार वृद्धि को लेकर लोग अपने-अपने तरह से संभावना जता रहे थे. नगर के नदी किनारे के निचले मुहल्ले शुभंकरपुर आदि में पानी फैलने की आशंका से स्थानीय लोग डरे सहमे दिखे. बाढ़ प्रभावित इलाकों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
प्रखंडों में पीड़ितों की सहायता कर रही एनडीआरएफ की टीम 1232 बाढ़ पीड़ितों का इलाज भी किया है. ऐसे स्थिति में वॉयस ऑफ़ दरभंगा भी लोगों से धैर्य की अपील करता है। कहीं कोई अपडेट आप देना चाहें तो 9661333115 पर अपने क्षेत्र के अपडेट दे सकते हैं।

