Home मुख्य शहरी सुरक्षा बाँध के रिसाव को रोकने का प्रशासन का दावा ध्वस्त, धीरे धीरे फ़ैल रहा पानी। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 18, 2017

शहरी सुरक्षा बाँध के रिसाव को रोकने का प्रशासन का दावा ध्वस्त, धीरे धीरे फ़ैल रहा पानी। Voice of Darbhanga

दरभंगा : शहरी सुरक्षा तटबंध में जगह-जगह हो रहे रिसाव रोकने में बाढ़ नियंत्रण विभाग विफल साबित हो रहा है. परिणाम स्वरूप शहर के मुख्य भागों में लगातार अधवारा समूह का पानी प्रवेश कर गया है. जिसके कारण पूरे शहर में अफरा-तफरी की स्थिति है. लोग आवश्यक सामानों की खरीदारी में जुटे हुए हैं. यद्यपि प्रशासन इस तटबंध को सुरक्षित बता रहा है, लेकिन जिस तेजी से शहरी क्षेत्र में रिसाव हो रहा है, उसको लेकर शहरी लोगों की चिंता जायज है. वहीं शहर का पश्चिमी क्षेत्र पूरी तरह बाढ़ में डूब गया है. सीएम कॉलेज के शिक्षकों के आवास और विद्यापति छात्रावास में भी पानी भर गया है. वहीं अब शहरी क्षेत्र में विस्थापन भी शुरू हो गया है. बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित सीएम कॉलेज, नाथबाबा धर्मशाला, पोद्दार धर्मशाला, मुसासाह स्कूल आदि में शरण लिए हुए है. हालाकि वहां पर उन्हें किसी प्रकार की कोई राहत नहीं मिल रही है. रिसाव से जितनी मात्रा में पानी आ रहा है. उससे भी शहर के मुहल्लों में दो से तीन फीट पानी हो गया है. मशरफ बाजार, किलाघाट, गुदरी बाजार, आजमनगर, सेनापत, पटेल चौक, बंगलागढ़, कबराघाट, काली स्थान, वृंदावनघाट, जेपी चौक, नगर निगम आदि जगहों पर बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. कुल मिलाकर वार्ड न. 8, 9, 23 पूर्ण प्रभावित और वार्ड न. 5, 6, 7, 10, 21, 22, 23, 24, 25, 30, 32, 40 आदि आंशिक प्रभावित हैं. जहां तक शहर के पश्चिमी तीन वार्डों की बात है तो वहां विस्थापितों की संख्या सबसे ज्यादा है. लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरे जगह शरण लेनी पड़ी है. शुभंकरपुर में ग्रामीणों ने बताया कि नाव की व्यवस्था नहीं रहने के कारण पानी में ही आना-जाना करना पर रहा है. शुभंकरपुर मध्य विद्यालय में शरण लिए लोगों ने बताया कि रात अंधेरे में ही काटनी पड़ी. जबकि इस विद्यालय के परिसर में पानी घुस चुका है. सबसे बड़ी समस्या मवेशिओं को लेकर है. हालाकि लोगों ने समय रहते ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया था, लेकिन उनके सामने चारा की समस्या उत्पन्न हो गई है.

Share

Leave a Reply