
डीएम-एसएसपी ने जाना जाले के बाढ़ पीड़ितों का हाल, साथ में किया भोजन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जाले प्रखंड क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाकों का शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह व वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने दौरा किया। इस दौरान वे पीड़ितों के दर्द से रुबरु हुए। प्रखंड क्षेत्र के ब्रह्मपुर पूर्वी के ब्रह्मपुर हाट स्थित बाढ़ राहत शिविर में पहुंचकर उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के दर्द को सुना व उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने शिविर में बने भोजन को भी चखा। बाढ़ पीड़ितों को कोई सरकारी सहायता उपलब्ध नही कराए जाने की शिकायत पर उन्होंने अतिशीघ्र सहायता भेजने का आश्वासन दिया। वही, एसएसपी सत्यवीर सिंह ने पीड़ितों की सुरक्षा के समुचित उपाय किए जाने का आश्वासन दिया। हकीमों की टीम जगह-जगह बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का अवलोकन करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंची। इसके बाद समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में जाले के प्रभारी पदाधिकारी सह जिला कृषि पदाधिकारी समीर कुमार, अंचलाधिकारी कमल कुमार, बीडीओ रागनी साहू, बीईओ अहल्या कुमारी, सीडीपीओ आभा शरद, कृषि पदाधिकारी राम प्रवेश प्रसाद आदि से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रो का सर्वेक्षण रिपोर्ट तलब करते हुए उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं, क्षेत्र के विद्यालयों में शरण ले रखे सभी बाढ़ पीड़ितों को दोनों समय का भोजन मुहैया कराने का निर्देश दिया गया। बीडीओ एवं अंचलाधिकारी को सभी बाढ़ शरणार्थी स्थलों पर निश्चित रूप से सामूहिक भोजन तैयार कर परोसे जाने के निर्देश के. तहत उन्हें जानकारी दी गई कि प्रखंड क्षेत्र के पांच स्थलों पर बाढ़ शरणार्थी शिविर में भोजन बनाई जा रही है। इसमें कमतौल के सलेश स्थान, ब्रह्मपुर हाट,करवा तरियानी,मुरैठा व बाघोल बांध शामिल है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने एमडीएम भोजन प्रभारी ( बीआरपी ) द्वारा कार्यालय नही आने व कार्य में कोताही की शिकायत पर 29 विद्यालयों में लगे बाढ़ शिविर में भोजन चलाने में कठिनाई की बाते बताए जाने पर जिलाधिकारी ने डीपीओ को टेलीफोन पर निर्देश देते हुए बीआरपी जाले का वेतन बंद करने के साथ उनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। संतोषजनक जबाब नहीं देने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का निर्देश भी डीएम ने दिया। इसके अलावा सीओ को बाढ़ पीड़ितों का पारिवारिक सर्वेक्षण के लिए पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण टीम का गठन करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को सरकारी सहायता राशि उनके बैंक एकाउंट में भेजी जाएगी।

