
बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं पर नियंत्रण मुश्किल: नित्यानंद राय। Voice of Darbhanga

दरभंगा : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि बाढ़ और प्राकृतिक आपदा पर नियंत्रण करना तो मुश्किल है, लेकिन इससे बचाव के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता है. बाढ़ की त्रासदी से पीड़ित लोगों की दु:ख की घड़ी में भाजपा सहायता के लिए तत्पर है. भाजपा अध्यक्ष श्री राय दरभंगा में जिला स्तरीय बाढ़ राहत शिविर के उद्घाटन के पश्चात पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बिहार के बाढ़ की जानकारी मिली, उन्होंने साढ़े चौदह हजार टन अनाज बिहार को आवंटित कर दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ से पीड़ित लोगों को सरकार के द्वारा हर संभव मदद किया जाएगा. अभी केन्द्र और राज्य सरकार हमारी है. इसलिए राहत और बचाव कार्य में कोई कमी नहीं होगी है. उन्होंने कहा कि पीड़ितों को उनके खाते या नगद के रूप में सहायता राशि 9823 रूपये सरकार द्वारा दी जाएगी. श्री राय ने स्वीकार किया कि नाव की कमी के कारण राहत कार्य में कठिनाई हो रही है. बाढ़ पूर्व तैयारी के बारे में उन्होंने कहा कि विगत 10-15 वर्षों में कोई ऐसी घटना नहीं हुई, इसलिए जो तैयारी होनी चाहिए थी नहीं हो सकी. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भी पूरी तत्परता से बाढ़ पीड़ितों की सेवा में जगह जगह लगे हुए हैं और आगे भी लगे रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष हरी सहनी, क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक हेमन्त कुमार झा, महामंत्री संजीव साह, मीडिया प्रभारी अमलेश झा, मुकुन्द चौधरी, रामाशंकर ठाकुर आदि सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित थे।

