
हायाघाट में नदी के दवाब के कारण दरभंगा-समस्तीपुर के बीच रेल परिचालन बन्द। Voice of Darbhanga

दरभंगा : दरभंगा शहर सहित पश्चिमी भाग में बाढ़ का कहर जारी है. वहीं कई नये क्षेत्रों में पानी फैल रहा है. हायाघाट स्थित करेह नदी पर बने 16 नम्बर मुंडा रेल पुल के गाटर को नदी का पानी छूने के कारण दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड पर रेल परिचालन रोक दी गई है. डीआरएम आर.के जैन ने बताया कि पानी घटने के बाद पुल का निरीक्षण किया जाएगा और सही स्थिति होने पर ही रेल का परिचालन होगा. उन्होंने काह कि लम्बी दूरी की गाड़ियों को भाया सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर रूट से कराया जाएगा. वहीं करेह नदी में उछाल के कारण तटबंध पर दबाव बढ गया है. इसी बीच जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने 21 और 22 अगस्त को दो दिनों के लिए स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है. आज दोपहर से करेह नदी में तेजी से पानी का बढ़ना शुरू हो गया. यहां तक कि हायाघाट के निकट करेह नदी पर बना 16 नम्बर बना रेल पुल के गाटर को पानी छूने लगा. जिसके कारण दरभंगा-समस्तीपुर के बीच रेल परिचालन रोक दी गई है. साथ ही पानी में बढ़ोतरी के कारण बांये तटबंध के बलुआहा, बरछिया, बधवा, कोठरा, रूपौलिया और आधारपुर तथा दांये तटबंध में खरारी, परतापट्टी, भगवतीपुर सहित कई जगहों पर पानी का दबाव बढ गया है. यहां तक कि मूसा, गीदर, खिखिर द्वारा किए गए बिल से पानी का रिसाव शुरू हो गया है. खबर फैलते ही लोग तटबंध बचाने के लिए वहां जुट गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव की ओर पानी निकलने लगा है. सूचना मिलने पर मानवाधिकार संरक्षण प्रतिष्ठान के जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी अपने स्वंय सेवकों के साथ बोरा में मिट्टी भरकर उसे पाटने में लग गए हैं. समाचार लिखे जाने तक सहायक अभियंता ललित कुमार चौधरी, कनीय अभियंता बिन्दुनाथ झा और बहेड़ी के अंचल अधिकारी बिमल कुमार कर्ण मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं.

