Home मुख्य हनुमाननगर के पटोरी में टूटा रिंग बाँध। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 22, 2017

हनुमाननगर के पटोरी में टूटा रिंग बाँध। Voice of Darbhanga

 

दरभंगा :  जिले में बांध टूटने का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा. हनुमाननगर प्रखंड के पटोरी गांव का रिंग बांध दोपहर में टूट गया. बागमती नदी के पानी का दवाब काफी अधिक होने के कारण यह बांध ध्वस्त हो गया. करीब दो दर्जन गांव में तेजी से पानी फैल रहा है. विशनपुर-बिठौली मुख्य मार्ग पर  पानी चढ़ गया है. करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई है. दो दर्जन गांव का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क भंग हो गया है. इन गांव के लोगों को जिला मुख्यालय आने के लिए बिठौली से फोरलेन के रास्ते आना होगा. क्षेत्र में लोग दहशत में हैं. इधर शहर के कई मुहल्लों में पानी फैल गया है. बेनीपुर में जीवछ नदी का पानी फैल जाने से कल्याणपुर-बहेड़ा मुख्य मार्ग कट गया है. आवागमन बाधित हो गया है. जिले के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ के पानी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गयी है. स्थिति भयावह बनी हुई है. प्रशासन पूरी तरह लाचार नजर आ रहा है. कमला, कोसी सहित अधवारा समूह की नदियों का तांडव जारी है. जिला मुख्यालय से सटे हनुमाननगर के पटोरी गांव में दोपहर बाद रिंग बांध टूट गया. हालांकि पानी के दवाब को देखते हुए ग्रामीण इसे दुरूस्त करने में सुबह से ही जुटे हुए थे. बोरे में मिट्टी भरकर रिंग बांध पर डाला जा रहा था. लेकिन पानी का दवाब इतना अधिक था कि यह प्रयास बेकार चला गया. रिंग बांध ध्वस्त हो गया. इससे कोलहंटा, वसुआरा, अरैला, मोरो, रामपुर, गोदाईपट्टी, तीसीडीह, विशनपुर सहित दो दर्जन गांव प्रभावित हो गया है. वहीं प्रखंड के पश्चिमी भाग की पूरी आबादी का जिला से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है.

Share

Leave a Reply