
पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में भूसा लूट लिया बाढ़ पीड़ितों ने। Voice of Darbhanga

दरभंगा: राहत व पुनर्वास में देरी का दर्द अब आक्रोश में बदल गया है। अपनी और अपने बेजुबान जानवरों की भुख मिटाने के लिए बाढ़ पीड़ित किसी भी हद तक जाने को विवश हो गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमी स्थित बाइपास सड़क पर बाढ़ पीड़ितों ने पुलिस की मौजूदगी में ट्रक पर लदा भूसा ले गए। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों व पुलिस के बीच भिड़ंत भी हो गई। पुलिस की जरा सा भी परवाह नहीें करते हुए पीड़ितों ने अपने मूक जानवरों को जिन्दा रखने के लिए एक तरह से भूसा लूट लिया। बेबस लोगों के आगे पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। यह घटना दरभंगा-समस्तीपुर व दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोर लेन मार्ग को जोड़ने वाली एकमी बाइपास सड़क पर घटी है। बताया जाता है कि बहादुरपुर के एकमी, ओझौल, तारालाही व चांडी के पशुपालकों के बीच भूसा का वितरण करने के लिए भूसा मंगाया गया था। बीडीओ अविनास कुमार की मौजूदगी में सभी पंचायत के मुखिया व पंचायत सेवक सूची के अनकुल पशुपालकों के बीच भूसा का वितरण शुरू किया जाना था। इसी बीच अचानक अफरा-तफरी का माहोल बन गया और बाढ़ पीड़ित पशुपालक देखते ही देखते ट्रक पर चढ़ गए। इसके बाद अपनी बोरियों में भूसा भरकर ले जाने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने भूसा लूटने वालों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस व बाढ़ पीड़ितों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बावजूद, पुलिस मुकदर्शक बनी रही है। इस बीच पुलिस गाड़ी से एक बाइक चालक को ठोकर लग गई। इसके बाद पशुपालकों ने आक्रोशित होकर चालक की पिटाई कर दी। बीडीओ श्री कुमार ने बताया कि चालक के साथ मारपीट करना निंदनीय है। उन्होंने कहा है कि आज जो भी घटना हुई है वह अधिक भीड़ उमड़ने के कारण हुई है। पशुपालकों से उन्होंने धैर्य से काम लेने की अपील की है। कहा है कि चारा की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

