
एक पुत्र पर दो माँ का दावा, पुलिस की सूझबूझ से सामने आ गयी असली माँ। Voice of Darbhanga
दरभंगा: लड़का एक और दावेदार दो मां। जी हां, कई दिनों से दो महिलाएं अपने को असली मां का दावा कर उसपर अपना हक जमा रही थी। लेकिन, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने असली मां को खोज ही निकाला बल्कि, उसे सुपुर्द भी कर दिया। । डेढ़ वर्ष से अपने बच्चे की बरामदगी के लिए दर-दर भटक रही मां ने अपने बच्चे को आंचल में छिपा ली और खुशी से फूट-फूटकर रोने लगी। एएसपी दिलनवाज अहमद को धन्यवाद देते नहीं थक रही थी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि विशनपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी विजय पासवान की पत्नी ममता देवी के घर पर अचानक एक महिला ने पहुंचकर उनके पुत्र पर अपना दावा कर दिया। लेकिन, ममता देवी ने बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बरहेता गांव निवासी उमेश पासवान की पत्नी रीता देवी के दावा को खोखला व झूठा बताकर अपना पुत्र देने से इंकार कर दिया। कई दिनों से चल रहे विवाद को अंत में पुलिस के पास पहुंचाया गया। दोनों महिलाओं के दावे को देख पुलिस भी हैरत में पड़ गई। दरअसल, 16 वर्षीय मंदबुद्धि वाले सुभाष पासवान को दोनों महिलाओं में से कोई छोड़ने को तैयार नहीं थी। मामला गंभीर होने के स्थिति में इसकी सूचना एएसपी दिलनवाज अहमद को दी गई। इसके बाद दोनों महिलाओं से एएसपी श्री अहमद ने काफी देर तक पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने असली मां को खोज निकाला। ममता देवी ने पुलिस को बताया कि उनका लड़का काफी दिनों पहले दिल्ली में खो गया था। जो बिल्कुल सुभाष की तरह ही दिखता था। इस बीच डेढ़ साल पहले सुभाष उन्हें भटकते हुए मिला। इसके बाद उसे अपना खोआ हुआ पुत्र मानकर अपने घर ले आई। इसके बाद उसका लालन-पालन करने लगी। इधर, बच्चे की असली मां रीता देवी डेढ़ वर्ष से अपने पुत्र की खोज में दर-दर भटकती रही। इस बीच उन्हें मालूम हुआ कि उनका खोआ हुआ लड़का मोहम्मदपुर गांव में ममता देवी के घर पर है। इसके बाद वह वहां धमक गई और अपना बच्चा वापस कर देने की फरियाद करने लगी। एएसपी श्री अहमद ने बताया कि रीता देवी ने अपने पुत्र की कई तस्वीर मुहैया कराई है जो उनके परिवार के सदस्यों के साथ खिंची गई थी। फोटोग्राफ्स देखने के बाद ममता देवी भी अपने आप को रोक नहीं पाई और पुलिस के समक्ष सारी सच्चाई बता दी। उसने माना कि सुभाष की असली मां रीता देवी है। इसके बाद बच्चे को असली मां को सुपुर्द कर दिया गया।

