
वीडियो बनाने की अफवाह में पिटाई से आधा दर्जन युवक घायल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के करमगंज मोहल्ले में वीडियो बनाने की अफवाह में स्थानीय लोगों ने स्कार्पियो में सवार छह लोगों को मारपीट कर अधमरा कर दिया। सूचना मिलने पर बीच-बचाव करने गए लहेरियासराय थानाध्यक्ष आरके शर्मा व पूर्व पार्षद नफीसूल हक रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए एवं पूर्व पार्षद मुन्ना खान, शांति समिति सदस्य नवीन सिन्हा, मो. तमन्ना आदि भी चोटिल हो गए। अफवाह को लेकर काफी देर उक्त मोहल्ला रणक्षेत्र बना रहा है। आक्रोशित लोगों ने स्कार्पियो को पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए स्वयं डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह व एसएसपी सत्यवीर सिंह को आना पड़ा। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि उर्दू बाजार में सड़क किनारे बंधे पशुओं को लेकर बुधवार को एक झूठी वीडियो वायरल हो गई। इसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था। गुरुवार को देर शाम उर्दू बाजार से लहेरियासराय की ओर एक स्कार्पियो जा रही थी। इसी दौरान चार-पांच स्थानीय युवकों ने स्कार्पियो सवार लोगों द्वारा वीडियो बनाए जाने की बात कह हल्ला करने लगे। इसके बाद कुछ यवकों ने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। युवकों ने लोगों से स्कार्पियो को आगे से घेरने की बात कह हल्ला करने लगे। पकड़ में नहीं आने पर ये लोग स्कार्पियो पर तीन लोगों को रौंद कर भागने की बात कह हल्ला करने लगे। यह सुनते ही करमगंज मोहल्ला के लोगों ने स्कार्पियो को आगे से घेर लिया। इसके बाद आक्रोशित लोग स्कार्पियो पर टूट पड़े। गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर चालक सहित सवार छह लोगों को पीटकर लहू-लहूान कर दिया। जब आक्रोशित लोगों के बीच से घायलों को बचाने की कोशिश की गई तो थानाध्यक्ष आरके शर्मा, पूर्व पार्षद नफीसूल हसन रिंकू भी घायल हो गए। इन दोनों को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। साथ ही स्कार्पियो पर सवार जख्मी लोगों को भी डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। इनमें चालक अमित कुमार पटना के कचौड़ी गली मोहल्ला निवासी अरूण प्रसाद यादव का पुत्र है। जबकि, दूसरा सुजीत कुमार महतो हास्पीटल रोड निवासी छोटे लाल महतो का पुत्र है। शेष का नाम व पता मालूम नहीं चल पाया है। इन घायलों का कहना था कि वे लोग स्कार्पियो से लहेरियासराय की ओर जा रहे थे। उर्दू बाजार के पास एक साथी खिड़की किनारे बैठकर अपने मोबाइल से बात रहे थे। इसी बीच वीडियो बनाने की बात कह कुछ युवक हल्ला कर पीछा करने लगे। इसके बाद सभी लोग डर गए। हालांकि, चालक ने गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी। लेकिन, करमगंज मोहल्ला में लोगों ने आगे से घेर लिया। इसके बाद लोगों ने मारपीट कर लहूलूहान कर दिया। एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि हालात नियंत्रित है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

