
मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: मेयर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बाढ़ पीड़ित लोगों के बीच राहत पहुंचाने में स्वयंसेवी और समाजसेवी संस्थाओं के साथ अन्य संगठन भी पीछे नहीं हैं। इसी क्रम में कसेरा समाज के लोग अपनी छोटी आय से कुछ राशि निकाल कर पीड़ित मानवता को राहत देने के लिए मदद के हाथ बढ़ाएं हैं। उनका साथ उनके पड़ोसी भी दे रहे हैं। नाका नंबर 2 के आसपास के लोग कई दिनों से कसेरा भवन में भोजन तैयार कर बाढ़ पीड़ित गांव में सीधे पहुंचकर उन लोगों तक इसे पहुंचा रहे हैं। जहां तक साधारण लोग जाना भी नहीं चाहते। गुरुवार को भी कसेरा भवन से तैयार भोजन का पैकेट लेकर कई वाहन पर लोग निकले। मेयर बैजयंती खेड़िया ने राहत पैकेट लेकर जाने वाले इस काफिले को हरी झंडी दिखाकर विदा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा से बड़ा दूसरा कोई धर्म नहीं होता। हर धर्म का सारांश है मानवता की सेवा उसका कल्याण। धन्य हैं वह लोग जो अपने व्यस्त जीवन से कुछ पल निकालकर आर्थिक योगदान देते हैं। महिलाएं उनका भोजन तैयार करती हैं और युवक जोखिम लेकर गांव में जमे पानी के बीच लोगों तक पहुंचाते हैं। जिस दिन से बाढ़ आई और लोग विस्थापन झेलने को विवश हुए उसी दिन से हम लोग व्यक्तिगत स्तर से राहत कार्य चला रहे हैं। बाद में सरकारी स्तर भी राहत कार्य आरंभ हुआ। लेकिन लोग अपने स्तर से भी काम में जुटे हुए हैं।

