
अनुमण्डल कार्यालय में मंत्री की बैठक में एनडीए और राजद नेताओं में नोकझोंक। Voice of Darbhanga

दरभंगा। खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने सोमवार को बिरौल अनुमंडल कार्यालय में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की समस्या को लेकर एसडीओ के साथ बैठक की। मंत्री श्री सहनी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सूची बनाने में बिचौलियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत मिल रही है। उसके विरुद्ध प्राथमिक दर्ज करें। साथ ही सूची में किसी भी बाढ पीड़ित परिवार का नाम न छुटे इसके लिए अनुमंडलाधिकारी पैनी नजर बनाए रखें। भाजपा मंडल अध्यक्ष माधव कुमार चौधरी ने पंचायत स्तरीय बाढ अनुश्रवण सह निगरानी समिति की बैठक की कार्यवाही की जांच अनुमंडलाधिकारी से करने की मांग की। श्री चौधरी ने मंत्री से बाढ़ से क्षतिग्रस्त हाटी-पिपड़ा पथ, सीसौनी शंकर रोहार पथ, सर्दी भैनी पुल पथ एवं कमरकाला सर्दी सड़क की शीध्र मरम्मत करवाने की मांग की। बाढ़ पीड़ितों के बीच वितरण हो रहे सूखा राशन पैकेट में कम मात्रा की शिकायत गौड़ाबौराम जदयू अध्यक्ष सफरे आलम ने की। इस पर मंत्री ने स्वयं राशन पैकेट को वजन करवाया। जिसमें कम पाया गया। बैठक में एनडीए और आरजेडी प्रतिनिधियों के बीच नोकझोंक हुई। मामला दोनों तरफ से गर्म हो गया, पर मंत्री की पहल पर मामला शांत हुआ। बैठक में एसडीओ मो. शफीक, डीसीएलआर, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण आचार्य, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष राजीव चौधरी, गौड़ाबौराम भाजपा अध्यक्ष महावीर सिंह, दुर्गानंद चौधरी, प्रभात सहनी, मनोज सुधांशु, राजेश यादव, सुरेन्द्र यादव इंद्रनारायण कुमार, अबुल खैर सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता थे।

