
बाढ़ पीड़ितों के साथ छलावा, 9850 की घोषणा के बाद खाते में मात्र 6000 क्यों: तेजस्वी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मंगलवार को हनुमाननगर के जटमलपुरघाट पर पूर्व विधायक हरिनंदन यादव के आवास पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सह राजद के युवा नेता तेजस्वी यादव का राजद कार्यकतार्ओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया. मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में झूठ-फरेब की सरकार है, जो कहती कुछ है और करती कुछ और है. पहले सरकार ने बाढ पीड़ितों को 9850/ रुपया राहत देने की घोषणा की और दे रहें हैं मात्र 6000/ हजार रुपये वह भी चन्द लोगों को चिन्हित करके. आंकड़े साक्षी हैं कि बर्ष 2011 के जाति,आर्थिक और सामाजिक गणना की सूची में आधे से अधिक गरीबों के नाम छूटे हुए हैं. हमारी पार्टी यह अन्याय गरीबों पर नही सहन करेगी. आने वाले दिनो में जनता इन फरेबियों को सबक सिखा देगी. आपदा की इस घड़ी में हम और हमारी पार्टी गरीब गुरबों के साथ है. इसके बाद तेजस्वी यादव का काफिला आगे बढा तो नरसरा गांव में सड़क पर खड़े सैकड़ो लोगों ने उन्हें फूल माला से लाद दिया।राजद नेता उदय शंकर चौधरी के नेतृत्व में कार्यकतार्ओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार इस्तकबाल किया. आगे डीहलाही चौक पर पूर्व प्रमुख जयकिशोर यादव के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया. इसके बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री यादव आगे जिला की ओर प्रस्थान कर गये।उनके काफिले के साथ पूर्व वित्त मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व मंत्री एम.ए.ए.फातमी, विधायक भोला यादव समेत राजद नेताओं का काफिला साथ था. वहीं सिंहवाड़ा संवाददाता के अनुसार बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और विरोधी दल के नेता तेजस्वी यादव ने आज दरभंगा के कुछ इलाकों में बाढ़ पीड़ितों से मिलकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली. इस क्रम में सोभन चौक पर उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार बाढ़ राहत में लगातार अपनी घोषणा को बदल रही है. उन्होंने कहा कि पहले तो सरकार प्रति पीड़ित परिवार 9800 रूपया देने की घोषणा की थी. परंतु अब 6 हजार रूपये की बात कर रही है. उन्होंने कहा कि बकरीद से पूर्व बाढ़ पीड़ितों के खातें में राहत की राशि पहुंचाने की बात छलावा साबित हुई है. इस मौके पर पूर्व मंत्री अब्दुलबारी सिद्दीकी, अली अशरफ फातमी, विधायक भोला यादव सहित राजद कार्यकर्ता मौजूद थे.

