
बिहार में बाढ़ प्राकृतिक आपदा नही बल्कि नेता एवं पदाधिकारी जनित आपदा है: पप्पू यादव। Voice of Darbhanga

दरभंगा : बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दरभंगा पहुंचे जनाधिकार पार्टी के संरक्षक सांसद पप्पू यादव ने आज यहां कहा कि बिहार में बाढ़ प्राकृतिक आपदा नही है। बल्कि यहां बाढ़ नेताओं की मर्जी और पदाधिकारी की मिलीभगत से लायी जाती है। नदियों में लगातार गाद जम रही है जिसपर कई बार सवाल उठ चुका है पर कभी इसकी सफाई नही होती। बाढ़ केलिए जिम्मेवारी तय करने की बात हुई तो चूहे के ऊपर जिम्मेवारी दी जा रही है। ये चार पैर नही बल्कि दो पैर वाले चूहे हैं। बाढ़ को जानबूझ कर लाया जाता है और इस बहाने जनता की गाढ़ी कमाई की लूट नेताओं, पदाधिकारियों और एनजीओ द्वारा शुरू हो जाती है। सरकार द्वारा 20 राहत शिविर भी नही खुला और जो खुला तीन दिन बाद ही बन्द हो गया। हर ब्लॉक को 3500 सिलेंडर दिए गए और खाना लकड़ी पर बना। वे सिलेंडर कहाँ गए। नितीश जी 13 दिन बाद मोदी जी के साथ हवाई जहाज में घूमने निकलते हैं और 500 करोड़ का पैकेज लेकर अपनी पीठ थपथपाते हैं। बिहार के 6 जिले जब बाढ़ से प्रभावित थे तो राष्ट्रीय आपदा घोषित हुई थी और बिहार को मनमोहन सिंह ने 1100 करोड़ का पैकेज दिया था। इस बार 21 जिले प्रभावित हैं तो 500 करोड़ लेकर नितीश कुमार ने बिहार के डीएनए का ये कौन सा सौदा किया है! जाप सुप्रीमो ने लालू यादव और सुशील मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन्हें आरोप प्रत्यारोप से फुर्सत ही नही कि जाकर बाढ़ पीड़ितों की सुध भी लें। लालू परिवार बचाने तो सुशील मोदी कुर्सी बचाने में लगे रहे। एक जगह भी बाढ़ पीड़ितों की सुध लेने नही गये। तेजस्वी के रथ यात्रा पर निशाना साधते हुए जाप प्रमुख ने कहा कि एक साहबजादे करोडो के रथ से बाढ़ पीड़ितों को देखने आते हैं और भाषण में नामी-बेनामी संपति की राजनीति ही करके जाते हैं। रैली के नाम लुटे सौ कारोड़ में कुछ बाढ़ पीड़ित में बाँट देते तो कुछ पुण्य मिल जाता।
सांसद श्री यादव ने गौरक्षा के नाम पर समाज में हो रहे साम्प्रदायिक मामलों पर कहा कि निजी धर्म के ठेकेदारों पर अंकुश लगाने की जरूरत है। सरकार ऐसे लोगों पर कठोर से कठोर कारवाई कर सजा दें। ये लोग गोरक्षा के नाम पर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। यदि गौरक्षक वास्तव में गौरक्षा चाहते थे बाढ़ में भूख से मर रहे मवेशियों को चारा ही खिला देते। साथ ही उन्होंने दरभंगा मेडिकल कॉलेज के जुनियर डाक्टरों के व्यवहार पर आपत्ति प्रकट करते हुए कहा कि यदि उनलोगों ने अपने व्यवहार में बदलाव नहीं लाया, तो जनाधिकार पार्टी के कार्यकर्ता उनके मुंह पर कालिक पोतेंगे। वहीं पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सांसद श्री यादव ने हनुमाननगर प्रखंड के धनुकी गांव में बाढ़ पीड़ितों के बीच 1 लाख 13 हजार रूपये बांटे. वहीं दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के लगमा, रसियारी पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित गांवों को उन्होंने गोद लिया. उन्होंने कहा कि इस गांव में हर सुविधा मुहैया कराई जाएगी। वहीं धनुकी गांव में बाढ़ से हुई मौत को लेकर मृतक जितेन्द्र पासवान के परिजनों को पांच हजार रूपये की मदद भी की। इसके अलावा पटोरी बसंत गांव में सड़क पर रह रहे लोगों के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने को लेकर चापाकल गाड़ने हेतु राशि उपलब्ध कराया. उनके साथ जिलाध्यक्ष डॉ. अब्दुस सलाम उर्फ मुन्ना खां, असरारूल हक लाडले, उदय कुमार, राजेश कुमार यादव, चुनमुन यादव, गंगा प्रसाद यादव, चंद्रकांत सिंह, रमिज अली खान, कमलेश यादव, नौशाद अहमद, नफीज खान, मो. अरमान, महेश पासवान, मो. युसूफ आदि मौजूद थे.

