Home मुख्य बाढ़ राहत कार्यों पर प्रभारी मंत्री ने जताया संतोष। Voice of Darbhanga
मुख्य - September 7, 2017

बाढ़ राहत कार्यों पर प्रभारी मंत्री ने जताया संतोष। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भवन निर्माण मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने जिले में बाढ़ पीड़ितों के बीच प्रशासन व अन्य लोगों के सहयोग चले राहत व बचाव कार्य पर संतोष जताते हुए आम जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए अन्य जरूरी कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया। वह गुरुवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेदकर सभागार में जिला राहत अनुश्रवण-सह-निगरानी समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी एवं उनकी पूरी टीम ने बाढ़ राहत के दौरान बेहतर काम किया है। सामुदायिक किचेन के जरिए बाढ़ पीड़ितों को पका भोजन उपलब्ध करवाना सर्वोच्च उपलब्धि मानी जाएगी। इससे बाढ़ पीड़ितों ने तत्काल राहत महसूस की। उन्होंने पदाधिकारियों को बाढ़ से संबंधित राहत व अन्य कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि सरकार के तय मापदंडों के अनुरूप बाढ़ पूर्व 8 हजार पॉलिथीन शीट्स खरीदकर रखा गया था। पिछले तीन वर्षों से नावों की खरीद नहीं की गई थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में 180 नई नावों की खरीदारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अचानक जिले के बड़े क्षेत्र में बाढ़ का पानी आ जाने के कारण सीमित संसाधनों के बावजूद सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बाढ़ पीड़ितों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बाढ़ से प्रभावित एक भी परिवार को नहीं छोड़ा जाएगा। अगले तीन सप्ताह के अंदर सभी बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच फूड पैकेट एवं खातों के जरिए राशि उपलब्ध करवा देने का आश्वासन दिया। डीएम ने बताया कि फूडपैकेट में कम तौल की शिकायत पर माप-तौल निरीक्षक को इसके लिए जवाबदेह बनाया गया है। अपर समाहत्र्ता सह वरीय प्रभारी आपदा प्रबंधन विभाग शंकर शरण ओमी ने सदस्यों को बताया कि जिले के 17 प्रखंडों की लगभग 22 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। कुल 5 लाख 13 हजार 581 परिवार प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीड़ित परिवारों को राज्य सरकार के निदर् शानुसार सामुदायिक रसोई के माध्यम से नि:शुल्क पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया गया। जिले में कुल 1 हजार 587 सामुदायिक किचेन चलाए गए। कुल 41 स्वास्थ्य शिविरों में 512 गर्भवती महिलाओं, 33 हजार 178 बाढ़ पीड़ितों का इलाज करवाया गया। बाढ़ से अबतक कुल 61 लोगों की मौत हो गई।

बैठक में विधायक अमरनाथ गामी,विधायक जीवेश कुमार, पूर्व विधायक गोपालजी ठाकुर, विधान पार्षद दिलीप कुमार चौधरी, सुनील कुमार सिंह, अर्जुन सहनी, मेयर बैजंयती देवी खेड़िया, जिला परिषद् अध्यक्ष गीता देवी, राजनीतिक दलों के अध्यक्ष व सचिव, एसएसपी सत्यवीर सिंह, डीडीसी विवेकानंद झा, एडीएम सुमन कुमार, आपदा प्रबंधन प्रभारी-सह- वरीय उप समाहर्ता शंकर शरण ओमी, डीपीआरओ कन्हैया कुमार आदि उपस्थित थे।

Share

Leave a Reply