
मिथिला विकास संघ ने प्रद्युमन हत्यकाण्ड के विरोध में निकाला कैंडल मार्च। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मिथिला विकास संघ की ओर से गुरुग्राम में हुए 7 वर्ष के छात्र प्रद्युम्न की निर्दयतापूर्ण हत्या के खिलाफ एवं दोषी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग को लेकर प्रतिरोध सभा व कैंडल मार्च निकाला गया। मिथिला विकास संघ के अध्यक्ष सुजीत कुमार आचार्य के नेतृत्व में एक कैंडल मार्च मिथिला विश्वविद्यालय परिसर से निकाला एवं भोगेंद्र झा चौराहा पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। संघ के संरक्षक उदय शंकर मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुजीत कुमार आचार्य ने कहा कि छात्र प्रद्युम्न की हत्या के पीछे गहरी साजिश रची गई है। किसी बड़े रहस्य को छुपाने के लिए ही ऐसी निर्मम हत्या की गई होगी। सभा में उपस्थित वक्ताओं ने एक स्वर में पूरे घटना क्रम में सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषी को फांसी से कम सजा नहीं होनी चाहिए। प्रतिरोध सभा को मुख्य रुप से बरुण कुमार झा, विप्लव चौधरी, भारतेंदु सिंह कामोद चौधरी, विकास झा मोनू, चंद्रशेखर झा, अजय कांत, शरद सिंह, ज्योति सिंह, जितेंद्र झा आदि ने संबोधित किया।

