
पर्व त्योहारों को लेकर शहर में प्रतिदिन दो पालियों में होगी साफ़ सफाई। Voice of Darbhanga
दरभंगा: दुर्गापूजा, छठ, मुहर्रम, दीपावली आदि पर्वों को देखते हुए दरभंगा नगर निगम के मेयर ने अभी से छठ तक पूरे शहर मे दो पालियों मे सफाई के आदेश दिए हैं । महापौर ने दुर्गापूजा से पूर्व शहर के टूटे सड़कों के मरम्मत के आदेश भी दिए । ताकि लोगों को त्यौहारों के दौरान कोई असुविधा नही हो । महापौर ने त्यौहारों को देखते हुए सभी अड़तालिस वार्डों मे दो दो क्विंटल चूना और पचीस पचीस किलो ब्लीचिंग पॉवडर आवंटित करने का भी आदेश दिया है ।
दरभंगा शहर मे स्वच्छता अभियान चलाकर नगर को स्वच्छ बनाने को लेकर आज दरभंगा के मेयर बैजंती खेड़िया ने एन सी सी तथा एन एस एस के पदाधिकारियों के साथ सभा कक्ष मे बैठक की ।
इसके पश्चात नगर निगम के सफाई जमादारों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर को पूर्ण रुप से गंदगी मुक्त बनाने हेतु सफाई अभियान को जोर शोर से चलाने का निर्देश दिया ।
बैठक के बाद महापौर ने बताया कि दरभंगा शहर को स्वच्छ बनाना हमारी पहली प्राथमिकता है । उन्होने शहर को साफ रखने मे नगर वासियों से सहयोग की भी अपील की । इस अवसर पर उप महापौर बदरुज्मा खाँ बॉबी तथा नगर आयुक्त नागेंद्र सिंह भी उपस्थित थे ।

