
बाढ़ राहत में लापरवाही केलिए प्रधानलिपिक सह नाजिर को निलंबित कर मुकदमा। Voice of Darbhanga

दरभंगा : बाढ़ राहत कार्य में लापरवाही एवं अनियमितता करने के आरोप में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कुशेश्वरस्थान प्रखंड के प्रधानलिपिक सह नाजिर मेसीउज्जमा के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया है. साथ ही लिपिक मनोज कुमार का वेतन स्थगित रखते हुए उनसे स्पष्टीकरण पूछने हेतु स्थापना उपसमाहर्ता दरभंगा को दिया है. जिलाधिकारी आज बाढ़ राहत कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा के क्रम में उन्होंने आरटीजीएस के माध्यम से बाढ़ पीड़ितोंं के खाते में राशि स्थानांतरित करने में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में अधिकारियों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि कुल 104 करोड़ रूपया बाढ़ पीड़ित परिवारों के खाते में स्थानांतरित कर दिया गया है. वहीं जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर तत्काल गंभीरता पूर्वक जांच करावें. वहीं पीड़ित परिवारों के सूची निर्माण के पश्चात डुप्लिकेट परिवारों के नाम का सत्यापन कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर से करें. जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि हर हाल में तीन दिनों के अंदर सरकार द्वारा देय राशि को बाढ़ पीड़ितों के खाते में भेज दें. वहीं बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 71 हो गई है. बैठक में उपविकास आयुक्त विवेकानंद झा, निदेशक नरेश झा, विशेष कार्य पदाधिकारी रविन्द्र कुमार दिवाकर, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे.

