
नगर विधायक के रूख से कबड़ाघाट एवं राज परिसर तालाब के अतिक्रमणकारियों पर करवाई की उम्मीद जगी। Voice of Darbhanga

दरभंगा। अभिषेक कुमार
हाल ही में शहर के तालाबो पर भूमाफियाओं की नजर का बयान देकर भाजपा के नगर विधायक संजय सरावगी ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि तालाबो को भरकर अतिक्रमण करने वाले बख्शे नही जाएंगे। इस विषय की खबर मीडिया में आने के बाद सोशल मीडिया में इस बात की चर्चा शुरू हो गयी है कि कबड़ाघाट में स्थित तालाब को भर कर बेचने की कोशिश करने वाले बचेंगे नही चाहे वह विधायक के रिश्तेदार या सहायक ही क्यों न हो। ज्ञात को कि तीन प्रमुख व्यक्तियों द्वारा कबड़ाघाट मोहल्ले स्थित तालाब को आधा भरा जा चुका था जिसमें विधायक के रिश्तेदार एवं सहायक के ही नाम आने की चर्चा थी। पर आंदोलनात्मक माहौल बन जाने पर आधे पर हो भराई रोकी गयी। अब लोगों में उम्मीद जगी है कि इस खेल में शामिल व्यक्ति जिसके नाम पर रजिस्ट्री हुई है, उसका नाम सार्वजनिक कर कारवाई करवायेंगे चाहे वे नगर विधायक के रिश्तेदार या सहायक ही क्यों न हों। साथ ही साथ राज परिसर स्थित कंकाली मंदिर के निकट नहर को भरा जा रहा था तो मामले ने तूल पकड़ा था खासकर जब पूर्व मेयर गौड़ी पासवान की उपस्थिति में इसे भरे जाने की बात सामने आयी थी। ऐसे में इस तालाब को भी भरने वाले पर निश्चित तौर पर कारवाई की उम्मीद जगी है।
नगर विधायक से सोशल मीडिया के माध्यम से लोगो ने मांग की है कि नगर पालिका से नगर निगम बनने के बाद जितने भी तालाब थे, उनसब को भरकर जल संचय का स्रोत खत्म करने वालों का नाम सार्वजनिक कर उनपर कड़ी कारवाई करवाएं। इतने गम्भीर मामले में सिर्फ जिला प्रशासन के संज्ञान दिलाने से कुछ नही होगा, बल्कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठा कर भरे गये सभी तालाबो को खाली करवा कर एक आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। फिलहाल हाल के वर्षों में चर्चा में आये कबड़ाघाट तालाब एवं कंकाली मंदिर परिसर में नहर को भरने में शामिल लोगों के नाम सार्वजनिक कर, इन जलस्रोतों को पुनः अतिक्रमण मुक्त करवाने की उम्मीद जरूर की जा सकती है और जल्द इसपर नगर विधायक की प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है।

