
दर्दनाक हादसा: घास काटने निकले मौसेरे भाई-बहन सहित तीन बच्चे डूबे। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा में बाढ़ प्रभावित कमतौल थानाक्षेत्र के अहियारी गोट में शनिवार को घास काटने के लिये घर से निकले एक मौसेरे भाई-बहन सहित 3 बच्चों की मृत्यु नरजोरा चौर को पार करने के क्रम में गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से हो गयी. मृतक की पहचान अहियारी गोट गंगासागर टोला निवासी 15 वर्षीय उदय शंकर राय पिता तेज नारायण राय, 13 वर्षीय काजल कुमारी पिता रामकुमार साह तथा सीतामढ़ी के नानपुर थाना क्षेत्र के सिरसी निवासी अनिरुद्ध साह की 14 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की गयी है.
बताया जाता है कि करीब एक किमी दूर नरजोरा चौर को पार करने के क्रम में काजल गहरे पानी से भरे गड्ढे में चली गयी. उसे डूबता देख उसका मौसेरा भाई विकास बचाने गया तो वह भी डूबने लगा. दोनों को बचाने के लिये उदय शंकर आगे बढ़ा, इस क्रम में तीनों डूब गये. कुछ दूरी पर मछली मार रहे मंसुर आलम और मनोज राय के शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे और शवों को बाहर निकाला.
घटना की जानकारी मिलते ही कमतौल थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, अनि देवचंद्र मिश्र, सअनि सुदर्शन यादव पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. कागजी प्रक्रिया के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिये डीएमसीएच भेज दिया. तीन बच्चों की मौत से आसपास के गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. पूजनोत्सव का उत्साह फीका पड़ गया हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया नागेंद्र शर्मा, पंसस ललन पासवान, उपेंद्र राय, अजय यादव, सरपंच साह पहुंचे. परिजनों को सांत्वना दिलाने के प्रयास में जुट गये.
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2015 में गोरार चौर में बिंदेश्वर यादव की पुत्री की गड्ढे से भरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गयी थी. वह भैंस चराने के क्रम में भैंस सहित गढ्ढे में चली गयी थी. भैंस तो सही सलामत बाहर निकल गया, लेकिन वह वहीं गड्ढे में ही डूब गयी थी.

