
बैंकों की सुस्ती से कोषागार से शतप्रतिशत निकासी के वाबजूद लाभुकों के खाते में नहीं पहुंची राशि। Voice of Darbhanga

दरभंगा : बाढ़ राहत मद में राज्य सरकार से मिली राशि का शतप्रतिशत निकासी कोषागार से कर ली गई है, लेकिन सभी बाढ़ पीड़ितों के खाते में अभी तक राशि हस्तांतरित नहीं की गई है. जिलाधिकारी डॉ. चंद्रेशखर सिंह के लगातार मोनेटरिंग करने के बावजूद निर्धारित तिथि 26 सितम्बर तक बाढ़ पीड़ितों के खाते में राशि नहीं पहुंची और इसके लिए दरभंगा के बैंकर्स की सुस्ती जिम्मेवार है. 19 बैंकों के माध्यम से यह राशि लगभग 5 लाख परिवारों के खाते में भेजना है. निश्चित रूप से इसमे समय लगेगा ही. इधर जिलाधिकारी ने आरटीजीएस कार्य में कम प्रगति वाले लगभग 9 बैंकों के विरूद्ध स्पष्टीकरण जारी किया है. जिलाधिकारी ने दुर्गापूजा और मुहर्रम को देखते हुए बैंकरों के लिए दो दिन का समय बढ़ा दिया है और कहा है कि हर हाल में 28 सितम्बर तक राशि हस्तांतरित कर दी जाय. वहीं अंचलों के वरीय प्रभार में रह रहे वरीय उपसमाहर्ताओं को जिलाधिकारी ने निदेश दिया है कि दो दिनों में वे लोग पहल कर अंचलों से राशि और सूची बैंकों में पहुंचा दें और हर हाल में समन्वय बनाकर बाढ़ पीड़ितों के खाते में राहत की राशि हस्तांतरित करावें. इसी बीच समीक्षा बैठक में आज बहादुरपुर के प्रभार में रहे वरीय उपसमाहर्ता ने जिलाधिकारी को सूचना दी कि बहादुरपुर अंचल में सर्वेक्षण दल ने पाया है कि 5-6 लोग गलत तरीके से राहत सूची में अपना नाम जुड़वा लिया है. यहां तक कि पति-पत्नी के नाम से अलग-अलग परिवार दर्शाकर राहत लेने का प्रयास किया है. जिसके बाद जिलाधिकारी ने ऐसे सभी लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है.

